भक्ति संगीत, समूह नृत्य और दुर्गा मर्दिनी स्तोत्र के सस्वर पाठ ने बांधा समां
रानीगंज- श्री दुर्गा विद्यालय प्राथमिक विद्यालय में बुधवार को दुर्गापूजा कार्निवल का आयोजन हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया. कार्यक्रम में बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों और अभिभावकों का मन मोह लिया.
समारोह का विशेष आकर्षण मुंशी प्रेमचंद की प्रसिद्ध कहानी ‘पंच परमेश्वर’ पर आधारित नाटक रहा. न्याय, निष्पक्षता और मित्रता के महत्व को दर्शाती इस प्रस्तुति के माध्यम से बच्चों ने साहित्यिक मूल्यों का सुंदर संदेश दिया. इसके अलावा हनुमान प्रसंग से जुड़े गीत तथा ‘ढाक बाजा कासोर बाजा’ गीत पर आकर्षक समूह नृत्य प्रस्तुत किया गया.
कार्यक्रम में बच्चों द्वारा दुर्गा मर्दिनी स्तोत्र का सस्वर पाठ विशेष आकर्षण रहा. उनकी सुमधुर प्रस्तुति से विद्यालय परिसर भक्तिमय और उत्सवपूर्ण वातावरण में डूब गया.
विद्यालय के प्रधान शिक्षक प्रदीप सिंह,राठौड़ ने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय संस्कृति, साहित्य और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिला. कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं के साथ कुछ अभिभावक भी उपस्थित रहे. उन्होंने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना की.



0 टिप्पणियाँ