शिलापट्ट पर दाताओं के नाम को लेकर विवाद से स्थगित हुआ था कार्यक्रम, चार संस्थाओं ने संवाददाता सम्मेलन कर दी सफाई
रानीगंज- श्री श्री सीताराम जी भवन एस्टेट परिसर में अग्रवाल समाज के पुरोधा महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम स्थगित होने के मामले में सोमवार शाम सीतारामजी भवन एस्टेट अंतर्गत चार प्रमुख संस्थाओं के पदाधिकारियों ने संवाददाता सम्मेलन कर स्थिति स्पष्ट की. एस्टेट के सचिव संजय डालमिया ने बताया कि शिलापट्ट पर दाताओं के नाम अंकित करने को लेकर उत्पन्न भ्रम और आपसी असमंजस के कारण 11 अक्टूबर को निर्धारित कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा. अब अगले 30 दिनों के भीतर प्रतिमा का विधिवत अनावरण किया जाएगा.
उन्होंने बताया कि करीब दो वर्ष पहले महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा स्थापित करने का निर्णय लिया गया था.इसके बाद संबंधित संस्थाओं ने नियमित बैठकें कर प्रतिमा लाने और स्थापित करने की तैयारी पूरी की. विवाद 29 सितंबर को आयोजित संयुक्त बैठक में दाताओं के नाम अंकित करने के तरीके को लेकर शुरू हुआ.
बैठक में श्री सीताराम जी भवन एस्टेट के अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता, सचिव संजय डालमिया, मंदिर समिति के अध्यक्ष बिमल बाजोरिया, कोषाध्यक्ष ललित झुनझुनवाला, मारवाड़ी युवा सम्मेलन के अध्यक्ष दीपक कालोटिया, सचिव संजय झुनझुनवाला, कन्हैया लाल भगवान दास सराफ स्मृति भवन के प्रतिनिधि मनोज सराफ उपस्थित थे.
प्रतिनिधियों ने बताया कि दाता प्रदीप सराफ और पवन केजरीवाल ने शिलापट्ट पर अपना नाम लिखने को लेकर अनिच्छा जताई थी, हालांकि, सामाजिक और धार्मिक कार्यों में सहयोग देने वाले दाताओं के नाम अंकित करने की परंपरा का हवाला देते हुए संस्थाओं ने उनसे सहमति देने का अनुरोध किया. बीते दिन हुए बातचीत के बाद तय हुआ कि प्रतिमा के ठीक नीचे नाम नहीं लिखे जाएंगे, बल्कि सराफ भवन भवन या मारवाड़ी युवा सम्मेलन की दीवार पर अलग शिलापट्ट लगाकर ‘सौजन्य’ शब्द के साथ दाताओं के नाम अंकित किए जाएंगे.
पदाधिकारियों के मुताबिक, महावीर व्यायाम समिति की ओर से पत्र भेजकर प्रतिमा पर किसी का नाम नहीं लिखने की बात कही गई.बाद में बाजार में प्रसारित एक संदेश में भी शिलापट्ट पर नाम नहीं लिखने की बात सामने आई, लेकिन पहले बनी सहमति का उल्लेख नहीं था. इससे भ्रम बढ़ा और दाता ने कार्यक्रम में आने से मना कर दिया.
चारों संस्थाओं ने विवाद को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि अब आपसी सहमति बन गई है. संबंधित अतिथि की उपलब्धता के अनुसार अगले 30 दिनों के भीतर दोनों दाताओं को आमंत्रित कर प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा. उन्होंने समाज की सभी संस्थाओं से इस विषय पर संयुक्त बैठक कर भविष्य के लिए सर्वसम्मत दिशा-निर्देश तय करने की अपील भी की.



0 टिप्पणियाँ