श्री महावीर व्यायाम समिति परिसर में बैठक में निर्णय, 11 कमेटियां होंगी शामिल
रानीगंज : रानीगंज के श्री महावीर व्यायाम समिति कार्यालय परिसर में मंगलवार शाम महावीर अखाड़ा कमेटी की महत्वपूर्ण बैठक हुई,। बैठक में करीब आठ वर्ष बाद रानीगंज में ऐतिहासिक महावीर अखाड़े की शोभायात्रा दोबारा निकालने का निर्णय लिया गया. निर्णय के बाद अखाड़े से जुड़े लोगों और स्थानीय लोगों में उत्साह है.
महावीर व्यायाम समिति एवं श्री महावीर अखाड़ा कमेटी के चेयरमैन कृष्ण कुमार तोदी ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से रानीगंज में महावीर अखाड़े की शोभायात्रा नहीं निकाली जा रही थी. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले विधायक पार्थ घोष ने आश्वासन दिया था कि बंगाल और रानीगंज में भाजपा की सरकार बनने पर ऐतिहासिक महावीर अखाड़े को वर्ष 1935 के पुराने मार्ग से निकाला जायेगा. विधायक ने अपना वादा पूरा किया है और प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण भी किया है.
इस बार शोभायात्रा में कुल 11 कमेटियां शामिल होंगी.इनमें नवयुवक क्लब (हाट तोला), हरिश्चंद्र क्लब (तिलक रोड), श्री महावीर व्यायाम समिति (सीआर रोड), हरिजन कल्याण समिति (कीर्तनिया तालाब), गोपाल बांध सरवना (यादव पाड़ा, महावीर कोलियरी), रक्षा काली महावीर अखाड़ा (कालीतल्ला, डालपट्टी मोड़), सालडांगा बजरंग क्लब (सालडांगा), महाराणा प्रताप दल (ओल्ड बस स्टैंड, एनएसबी रोड), बालक समिति (देवी मंदिर, जमुना बांध, हाटिया तालाब), खाकी बाबा मंडली (हाटिया तालाब) और पवन पुत्र (ईस्ट कॉलेज पाड़ा) शामिल हैं.
बैठक में शोभायात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर भी चर्चा हुई. परंपरागत शोभायात्रा के पुनः शुरू होने से स्थानीय लोगों में खुशी है. समिति ने रानीगंजवासियों की ओर से विधायक पार्थ घोष के प्रति आभार जताया.



0 टिप्पणियाँ