दो दिन पहले कमल का फूल लाने के लिए घर से निकला था मधु हेम्ब्रम
जामुड़िया : जामुड़िया थाना क्षेत्र के श्रीपुर फाड़ी अंतर्गत बेनाली गांव के घसुरिया तालाब से रविवार सुबह एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गयी. मृतक की पहचान बेनाली के ट्विला पाड़ा निवासी मधु हेम्ब्रम के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों ने रविवार सुबह कोलियरी के पास स्थित तालाब में शव को पानी में तैरते देखा, जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस और ग्रामीणों को दी गयी.
पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कि मधु हेम्ब्रम बीते 18 सितंबर की सुबह घर से कमल का फूल लाने के लिए निकले थे. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटे. परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चल पाया. दो दिनों से लापता होने के बाद रविवार सुबह तालाब में उनका शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गये.
घटना की सूचना मिलने के बाद श्रीपुर फाड़ी की पुलिस मौके पर पहुंची. स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने तालाब से शव को बाहर निकाला. इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया गया. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल मधु हेम्ब्रम की मौत तालाब में डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है. पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है.

0 टिप्पणियाँ