रानीगंज : बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य, स्वच्छता और शारीरिक गतिविधियों पर भी ध्यान देना जरूरी है. इसी उद्देश्य से शिक्षक दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ रानीगंज, इनरव्हील क्लब ऑफ रानीगंज और रोट्रैक्ट क्लब ऑफ रानीगंज की ओर से सोमवार को श्री दुर्गा विद्यालय में समाजसेवी कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए कई आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गयी.
कार्यक्रम के तहत छात्राओं के लिए एक गर्ल्स टॉयलेट, छात्रों के लिए दो बॉयज टॉयलेट, मिड-डे मील तैयार करने के लिए आधुनिक किचन रूम तथा शारीरिक व्यायाम, योग और नृत्य प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षण केंद्र तैयार किया गया. आयोजकों ने कहा कि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ उनकी स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों का ध्यान रखना भी जरूरी है.
कार्यक्रम में डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी 2028-29 डॉ पल्लवी माजी, एसकेएस विद्यालय के प्रिंसिपल संदीप सिन्हा, इनरव्हील क्लब की अध्यक्ष स्वेता बरनवाल, मुख्य दाता वंदना गुप्ता, रोट्रैक्ट क्लब ऑफ रानीगंज के अध्यक्ष उत्सव साव, रोटरी क्लब ऑफ रानीगंज के अध्यक्ष प्रशांत जायसवाल, डॉ राजेश गुप्ता, डॉ सुमित अग्रवाल, स्मिथ झुनझुनूवाला,दुर्गा विद्यालय के प्राचार्य रंजीत रंजन बून्द सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे.
छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के सभागार में छात्राओं के लिए सर्वाइकल कैंसर जागरूकता शिविर भी आयोजित किया गया. विशेषज्ञों ने किशोरियों को स्वास्थ्य, व्यक्तिगत स्वच्छता, टीकाकरण तथा सर्वाइकल कैंसर के शुरुआती लक्षणों के संबंध में जानकारी दी. कम उम्र से ही छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता पैदा करना शिविर का मुख्य उद्देश्य रहा.
वहीं, 15 अगस्त को रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली में आयोजित 'आकांक्षा' बैठकर चित्र बनाओ प्रतियोगिता के विजेताओं को भी कार्यक्रम के दौरान पुरस्कार प्रदान किये गये.
आयोजकों ने कहा कि स्वस्थ बच्चे ही पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं. इसलिए विद्यालयों में स्वच्छ शौचालय, साफ-सुथरी रसोई तथा खेलकूद, योग और नृत्य जैसी गतिविधियों के लिए उचित स्थान होना आवश्यक है. उन्होंने कहा कि विद्यालय में की गयी यह पहल महज दान नहीं, बल्कि बच्चों के बेहतर भविष्य में निवेश है.





0 टिप्पणियाँ