रानीगंज ट्रैफिक विभाग ने चालकों को दी हिदायत, पंजाबी मोड़ पर भी अवैध पार्किंग पर चेतावनी
रानीगंज : शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु और जाममुक्त रखने के उद्देश्य से आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी क्रम में रविवार को रानीगंज में ट्रैफिक विभाग की ओर से विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया. अभियान का नेतृत्व रानीगंज ट्रैफिक प्रभारी सतीनाथ सील ने किया. इस दौरान टोटो चालकों को बस पड़ावों के आसपास टोटो खड़ी नहीं करने की सख्त हिदायत दी गयी.
ट्रैफिक विभाग के अनुसार, रानीगंज से दुर्गापुर, आसनसोल सहित अन्य स्थानों के लिए जिन जगहों से बसें खुलती हैं, वहां अक्सर टोटो खड़ी कर दी जाती हैं. इससे बसों के आवागमन में परेशानी होने के साथ ही सड़क पर जाम की स्थिति उत्पन्न होती है.इसे देखते हुए टोटो चालकों को समझाया गया कि बस पड़ावों के आसपास वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें. ट्रैफिक प्रभारी सतीनाथ सील ने स्पष्ट किया कि फिलहाल चालकों को जागरूक कर हिदायत दी जा रही है. इसके बावजूद नियमों का उल्लंघन जारी रहा, तो टोटो जब्त (सीज) कर कार्रवाई की जायेगी.
पंजाबी मोड़ पर भी चेतावनी
अभियान के दौरान पंजाबी मोड़ इलाके में ओवर ब्रिज के नीचे खड़े रहने वाले टोटो चालकों को भी चेतावनी दी गयी. उन्हें बताया गया कि बेवजह वाहन खड़ा करने से वहां भी जाम की समस्या पैदा होती है.
इसके अलावा बस चालकों और कंडक्टरों को भी यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गयी.बसों में लगे पावर हॉर्न हटाने का निर्देश दिया गया. ट्रैफिक विभाग ने कहा कि पावर हॉर्न से ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है. साथ ही बस चलते समय दरवाजा खुला नहीं रखने की हिदायत कंडक्टरों तथा खलासियों को दी गयी.



0 टिप्पणियाँ