परिहारपुर पौर स्वास्थ्य केंद्र में एक माह से डॉक्टर नहीं, तीन वार्डों के लोग परेशान

नगर निगम आयुक्त से डॉक्टर की नियुक्ति व स्वास्थ्य सेवा बहाल करने की मांग



जामुड़िया- आसनसोल नगर निगम के वार्ड नंबर तीन के अंतर्गत परिहारपुर स्थित पौर स्वास्थ्य केंद्र (केंद्र संख्या-14) में करीब एक माह से चिकित्सक नहीं होने के कारण स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हैं. चिकित्सक के अभाव में परिहारपुर के अलावा वार्ड नंबर 11 और 12 के हजारों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि केंद्र में डॉक्टर नहीं होने से सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए भी उन्हें दूर के स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल का रुख करना पड़ रहा है.


इस संबंध में स्थानीय निवासी एवं पूर्व वार्ड सचिव अब्दुल कयूम ने 16 सितंबर को आसनसोल नगर निगम के आयुक्त को लिखित आवेदन देकर अविलंब चिकित्सक की नियुक्ति करने और स्वास्थ्य सेवा बहाल करने की मांग की है.निगम कार्यालय में आवेदन की प्राप्ति भी 16 सितंबर को हो चुकी है.


एक नर्स और एक स्वास्थ्यकर्मी के भरोसे केंद्र

आवेदन में कहा गया है कि स्वास्थ्य केंद्र लंबे समय से विभिन्न समस्याओं से जूझ रहा है.वर्तमान में यहां कोई चिकित्सक नहीं है. केंद्र का संचालन केवल एक नर्स और एक स्वास्थ्यकर्मी के भरोसे किया जा रहा है. ऐसे में स्थानीय लोगों को प्राथमिक चिकित्सा सेवा मिलने में भी परेशानी हो रही है.


बताया गया है कि केंद्र में कार्यरत पूर्व चिकित्सक के अवकाश ग्रहण करने के बाद उनके स्थान पर अब तक किसी नये चिकित्सक की नियुक्ति नहीं की गयी है.इसका सबसे अधिक असर बुजुर्गों, बच्चों, महिलाओं, बीमार लोगों और गरीब परिवारों पर पड़ रहा है. मामूली बीमारी के इलाज के लिए भी लोगों को दूर के स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल जाना पड़ रहा है.इससे समय और आर्थिक नुकसान के साथ आपात स्थिति में परेशानी और बढ़ जाती है.


चार सूत्री मांग रखी

अब्दुल कयूम ने आवेदन के माध्यम से चार प्रमुख मांगें रखी हैं. इनमें परिहारपुर पौर स्वास्थ्य केंद्र में अविलंब स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति, स्थायी नियुक्ति होने तक अस्थायी चिकित्सक की सेवा शुरू करना, स्वास्थ्य केंद्र की अन्य समस्याओं का निरीक्षण कर आवश्यक कदम उठाना तथा वार्ड नंबर 3, 11 और 12 के लोगों को नियमित एवं सुचारू स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना शामिल है.


शिकायतकर्ता ने कहा कि पौर स्वास्थ्य केंद्र आम लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है.यहां नियमित चिकित्सक नहीं होने से केंद्र का मूल उद्देश्य ही प्रभावित हो रहा है. उन्होंने जनहित एवं मानवीय दृष्टिकोण से मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है.


स्वास्थ्य व शिक्षा व्यवस्था पर जोर : संतोष सिंह

मामले को लेकर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संतोष सिंह ने कहा कि आम लोगों के लिए स्वास्थ्य और शिक्षा सबसे महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में हैं. उनका आरोप है कि पश्चिम बंगाल की पूर्ववर्ती सरकार के दौरान स्वास्थ्य विभाग पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि केवल परिहारपुर पौर स्वास्थ्य केंद्र ही नहीं, बल्कि शिरिशडांगा स्वास्थ्य केंद्र की स्थिति भी ऐसी ही है.


संतोष सिंह ने कहा कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार आने के बाद स्वास्थ्य व्यवस्था पर विशेष जोर दिया जा रहा है. आने वाले समय में लोगों को स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी किसी तरह की समस्या न हो, इसके लिए व्यवस्था को बेहतर किया जाएगा. उन्होंने कहा कि परिहारपुर स्वास्थ्य केंद्र को जल्द से जल्द चालू कराने की व्यवस्था की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को सही तरीके से उपचार मिल सके.

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

 रानीगंज: शिशु बागान मोड़ के पास बड़ी चोरी, घर की छत पर थी मालकिन और नीचे से 35 लाख के जेवर पार
 रातोंरात गायब हुई राहुल सांकृत्यायन की प्रतिमा, रानीगंज में सियासी घमासान तेज
 जामुड़िया में ईडी का बड़ा धमाका: रानीगंज के हार्डवेयर व्यवसायी राजेश बंसल के घर छापेमारी, नोट गिनने की मशीन मंगवाई गई
 रानीगंज के "मिट्टी के लाल" गोपाल आचार्य ने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में भरा पर्चा
 रेड लाइट एरिया लच्छीपुर में अय्याशी पड़ी भारी, मारपीट कर रुपये छीनने का आरोप
 रानीगंज के व्यापारी युवक के अपहरण का ड्रामा, पति स्वयं भाग गया था घर से
 रानीगंज के प्रसिद्ध 'शंभू कचौड़ी वाले' की सड़क हादसे में मौत, इलाके में शोक की लहर
 चार्टेड एकॉउंटेंट अजय कुमार बगड़िया के नेतृत्व में आध्यात्मिक एवं स्ट्रेस मैनेजमेंट यात्रा का आयोजन
 रानीगंज मंडल-1 भाजपा समिति भंग, दो नेता पदमुक्त; कोर कमेटी गठित
 पश्चिम बंग प्रादेशिक मारवाड़ी सम्मेलन की महासभा को लेकर उठा विवाद: आरोपों-प्रत्यारोपों का दौर