नारकेलडांगा में व्यवसायी अब्दुर जब्बर के घर पहुंची टीम, नेताजी नगर में भी एक करीबी के ठिकाने पर जांच
कोलकाता : चिटफंड और कथित वित्तीय धोखाधड़ी से जुड़े मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने बुधवार सुबह कोलकाता में कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की। केंद्रीय सुरक्षा बलों की सुरक्षा के बीच ईडी के अधिकारी शहर के अलग-अलग इलाकों में तलाशी अभियान चला रहे हैं। सुबह-सुबह हुई इस कार्रवाई से कारोबारी और राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ गयी।
जानकारी के अनुसार, ईडी की एक टीम ने नारकेलडांगा इलाके में व्यवसायी अब्दुर जब्बर के आवास पर छापेमारी की। अधिकारियों की टीम ने घर के विभिन्न हिस्सों की तलाशी लेने के साथ ही कथित वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों और अन्य कागजात की जांच की। हालांकि, तलाशी के दौरान अब तक क्या-क्या बरामद हुआ है, इसकी आधिकारिक जानकारी ईडी की ओर से सामने नहीं आयी है।
इसी मामले में ईडी की एक अन्य टीम ने नेताजी नगर इलाके में भी दबिश दी। यहां व्यवसायी के एक करीबी व्यक्ति के आवास पर जांच एजेंसी की टीम तलाशी अभियान चला रही है। दोनों स्थानों पर केंद्रीय सुरक्षा बलों की तैनाती की गयी है।
बताया जा रहा है कि चिटफंड और वित्तीय लेन-देन से जुड़े मामले में जांच को आगे बढ़ाते हुए ईडी ने ये कार्रवाई की है। जांच एजेंसी की नजर कथित तौर पर वित्तीय लेन-देन, निवेश से संबंधित दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण कागजात पर है। अधिकारियों की तलाशी पूरी होने के बाद ही कार्रवाई से संबंधित विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
सुबह तड़के शुरू हुई इस कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में भी उत्सुकता देखी गयी। फिलहाल ईडी की टीमें संबंधित ठिकानों पर दस्तावेजों और अन्य सामग्रियों की जांच में जुटी हैं।

0 टिप्पणियाँ