जामुड़िया/आसनसोल, 20 अगस्त। जामुड़िया के पूर्व तृणमूल कांग्रेस विधायक हरेराम सिंह के बेटे प्रेमपाल सिंह से पुलिस हिरासत में पूछताछ के बाद पुलिस को अवैध हथियारों के एक बड़े जखीरे का सुराग मिला है। उसकी निशानदेही पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (एडीपीसी) के डिटेक्टिव डिपार्टमेंट (डीडी) और जामुड़िया थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने जामुड़िया ईसीएल के नॉर्थ सियरसोल कोलियरी स्थित एक परित्यक्त दो मंजिला क्वार्टर में छापेमारी कर हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किये।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे संयुक्त टीम ने परित्यक्त क्वार्टर में अभियान चलाया। तलाशी के दौरान एक देसी 7 एमएम पिस्तौल, एक देसी रिवॉल्वर, दो देसी पाइप गन और आठ राउंड जिंदा कारतूस बरामद किये गये। हालांकि, अभियान के दौरान किसी व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
प्रेमपाल से पूछताछ में मिला सुराग
पुलिस के अनुसार, जामुड़िया थाना केस नंबर 219/26, दिनांक 8 जून 2026 में बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत गिरफ्तार प्रेमपाल सिंह फिलहाल पुलिस हिरासत में था। उससे पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने हथियारों के संभावित ठिकाने का पता लगाया। इसके बाद डीडी और जामुड़िया थाना पुलिस की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर उक्त क्वार्टर की तलाशी ली।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद हथियार वहां किसने छिपाये थे और इनका इस्तेमाल किन आपराधिक गतिविधियों में किया जाना था। साथ ही हथियारों की खरीद-फरोख्त और इनके पीछे किसी बड़े गिरोह की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
हथियार बरामदगी को लेकर अलग मामला दर्ज
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हथियार बरामदगी के मामले में संबंधित धाराओं के तहत नया मामला दर्ज किया गया है। बरामद हथियारों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गयी है। पुलिस प्रेमपाल सिंह से लगातार पूछताछ कर हथियारों के स्रोत और नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
छह दिनों की हिरासत के बाद अदालत में पेशी
इधर, छह दिनों की पुलिस हिरासत पूरी होने के बाद गुरुवार को प्रेमपाल सिंह को दोबारा आसनसोल अदालत में पेश किया गया। जामुड़िया थाना पुलिस की ओर से अदालत में आवेदन देकर प्रेमपाल सिंह को फिर से 10 दिनों की पुलिस हिरासत में लेने की मांग की गयी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और पूछताछ के दौरान हथियारों से जुड़े अन्य लोगों तथा नेटवर्क के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है।
पुलिस बरामद हथियारों के संबंध में सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि परित्यक्त ईसीएल क्वार्टर में हथियार कब से रखे गये थे तथा इस पूरे मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।


0 टिप्पणियाँ