रानीगंज: रोटरी क्लब ऑफ रानीगंज का 57वां स्थापना दिवस रविवार को रानीगंज स्पोर्ट्स असेंबली सभागार में आयोजित किया गया.समारोह के दौरान नए पदाधिकारियों ने कार्यभार ग्रहण किया. प्रशांत जायसवाल ने क्लब के अध्यक्ष, रवि दारूका ने सचिव तथा रोटेरियन कृष्णा बंसल ने कार्यकारी सचिव (एक्जीक्यूटिव सेक्रेटरी) का पदभार संभाला. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में रोटेरियन एवं अतिथि उपस्थित रहे.
मुख्य अतिथि रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट-3240 के डिस्ट्रिक्ट एग्जीक्यूटिव सेक्रेटरी अरिंदम दत्ता ने कहा कि इस वर्ष डिस्ट्रिक्ट की ओर से एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. उन्होंने कहा कि रोटरी केवल पौधारोपण तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि लगाए गए पौधों के संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएगा, ताकि पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सार्थक हो सके.
अरिंदम दत्ता ने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल की ओर से सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने बताया कि अभी भी बड़ी संख्या में अभिभावकों, महिलाओं और किशोरियों को इस टीकाकरण के महत्व की जानकारी नहीं है. इसे देखते हुए विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लड़कियां इस गंभीर बीमारी से सुरक्षित रह सकें.
उन्होंने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल पिछले कई दशकों से पोलियो उन्मूलन अभियान में सक्रिय भूमिका निभा रहा है.भारत पोलियो मुक्त होने के बावजूद पड़ोसी देशों में अभी भी पोलियो के मामले सामने आते हैं. ऐसे में भारत को पूरी तरह सुरक्षित बनाए रखने के लिए रोटरी का अभियान लगातार जारी रहेगा.
उन्होंने असम में आई भीषण बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि रोटरी इंटरनेशनल वहां राहत एवं बचाव कार्यों में सक्रिय है.बाढ़ प्रभावित लोगों तक राहत सामग्री और आर्थिक सहायता पहुंचाने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है.
समारोह में क्लब की ओर से युवाओं को नशे एवं अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने के लिए जागरूकता अभियान चलाने का भी संकल्प लिया गया.वक्ताओं ने कहा कि रोटरी का उद्देश्य केवल सेवा कार्य करना नहीं, बल्कि समाज को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक बनाना भी है.
इस अवसर पर क्लब के वरिष्ठ सदस्य डॉ. राजेश गुप्ता,प्रदीप बाजोरिया,संदीप भालोटिया,स्मिथ झुनझुनवाला सहित बड़ी संख्या में रोटेरियन एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे. समारोह में नवगठित टीम का स्वागत करते हुए समाजसेवा के नए संकल्पों के साथ कार्य करने का आह्वान किया गया.



0 टिप्पणियाँ