रानीगंज : पूरे देश के साथ रानीगंज के वृंदावन धाम समिति की ओर से भी 80वां स्वतंत्रता दिवस श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया. इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष उमेश सरायां समेत संस्था के सदस्य एवं उनके परिवार के लोग उपस्थित रहे. रानीगंज थाना प्रभारी सुबीर कर्मकार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और तिरंगे को सलामी दी.
समारोह के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये गये. संस्था के सदस्य अमित खैतान के पुत्र अमन खैतान ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर भाषण प्रस्तुत किया,वहीं, राकेश बुबना के पुत्र यश बुबना ने पियानो की मनमोहक प्रस्तुति दी, आदित्य मूंधड़ा की पुत्री लविशा मूंधड़ा ने श्रीमद्भगवद्गीता के 20 श्लोकों का पाठ कर उपस्थित लोगों की खूब वाहवाही बटोरी.
समारोह में भारत माता के साथ महात्मा गांधी और नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धासुमन अर्पित किये गये. इस मौके पर थाना प्रभारी सुबीर कर्मकार ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हम सभी के लिए गौरव का दिन है. लगभग 200 वर्षों की गुलामी की जंजीरों को तोड़कर देश वर्ष 1947 में स्वतंत्र हुआ. इस आजादी को हासिल करने में असंख्य वीरों ने अपना बलिदान दिया. उनके त्याग और संघर्ष का परिणाम है कि आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं.उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आजादी के महत्व को समझते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा में अपना योगदान देना चाहिए.
कार्यक्रम में समिति के सलाहकार प्रोफेसर स्वदेश मजूमदार, प्रमोद तोदी, कोषाध्यक्ष अशोक बुचासिया, शंकर लाल मूंधड़ा, आनंद अग्रवाल, सुभाष केजरीवाल, विजय जाजोदिया, पवन खैतान, सज्जन पोद्दार, सुरेश सरायां, डॉ. मनोज, विश्वनाथ घटक,सुंदर सिंह, दीपक झुनझुनवाला, पुनीत सतनालिका, सावर सिंघानिया, राकेश गोयल, राकेश बुबना, अरविंद बुचासिया समेत बड़ी संख्या में सदस्य एवं उनके परिवार के लोग उपस्थित थे।




0 टिप्पणियाँ