गुप्त सूचना पर आबकारी विभाग व पुलिस ने की छापेमारी, शराब बनाने के सामान और सामग्री नष्ट
बांंकुड़ा। प्रशासन की ओर से लगातार जागरूक किये जाने के बावजूद इलाके में अवैध रूप से चुलाई शराब बनाने और बेचने का कारोबार जारी था। गुप्त सूचना के आधार पर आबकारी विभाग और इंदपुर थाना पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस दौरान करीब 10 लीटर चुलाई शराब जब्त की गयी। वहीं, शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण व सामग्री को नष्ट कर दिया गया। मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
चुलाई शराब के अवैध निर्माण और कारोबार पर रोक लगाने के लिए बांंकुड़ा जिले में आबकारी विभाग और जिला पुलिस की ओर से लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत विभिन्न इलाकों में निगरानी के साथ छापेमारी भी की जा रही है। इसी क्रम में इंदपुर ब्लॉक के गौरबाजार इलाके के रामनगर गांव के जियारदा और उससे सटे जंगल क्षेत्र में आबकारी विभाग तथा इंदपुर थाना पुलिस ने अभियान चलाया।
छापेमारी के दौरान करीब 10 लीटर चुलाई शराब बरामद की गयी। इसके अलावा शराब तैयार करने के लिए रखे गये उपकरण और अन्य सामग्री को भी नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके खिलाफ बंगाल एक्साइज एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे खात्रा अनुमंडल अदालत में पेश किया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, उक्त इलाके में लंबे समय से अवैध चुलाई शराब का कारोबार चलने की शिकायत थी। आरोप है कि चुलाई शराब के सेवन से लोगों के बीमार पड़ने के साथ ही इलाके में पारिवारिक अशांति और मारपीट की घटनाएं भी होती रहती हैं। इसके अलावा परिवारों में आर्थिक तंगी समेत कई तरह की सामाजिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। स्थानीय लोगों ने अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए नियमित पुलिस कार्रवाई की मांग की है।

0 टिप्पणियाँ