जामुड़िया- जामुड़िया क्षेत्र में बालू लदे वाहनों से कथित तौर पर रंगदारी मांगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया. मामले में आरोपी राकेश मांझी को गिरफ्तार कर सोमवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया.
वायरल वीडियो में एक व्यक्ति, जिसकी पहचान राकेश मांझी के रूप में बताई जा रही है, मोबाइल फोन पर किसी को धमकाते हुए कथित तौर पर यह कहता सुनाई दे रहा है कि यदि उसे प्रत्येक बालू गाड़ी से 200 रुपये नहीं दिए गए तो किसी भी वाहन का परिचालन नहीं होने दिया जाएगा. वीडियो सामने आने के बाद इलाके में इसकी व्यापक चर्चा शुरू हो गई.
स्थानीय स्तर पर यह भी चर्चा है कि राकेश मांझी भाजपा का कार्यकर्ता है। वीडियो वायरल होने के बाद राजनीतिक हलकों में भी इसे लेकर प्रतिक्रियाएं सामने आने लगीं.लोगों के बीच यह सवाल उठने लगा कि एक ओर भाजपा भ्रष्टाचार और रंगदारी के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति की बात करती है, वहीं दूसरी ओर पार्टी से जुड़े बताए जा रहे एक कार्यकर्ता पर इस तरह के आरोप लग रहे हैं.
वीडियो के वायरल होते ही पुलिस प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए राकेश मांझी को गिरफ्तार कर लिया.गिरफ्तारी के बाद उसे सोमवार को आसनसोल अदालत में पेश किया गया.
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा वायरल वीडियो की सत्यता और उसमें किए गए कथित दावों की भी जांच की जा रही है. वहीं, इस मामले में भाजपा की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है.

0 टिप्पणियाँ