बराकर: बराकर के मनबेड़िया घाट के समीप रेलवे फिल्टर प्लांट के पास बराकर नदी से बुधवार को एक अज्ञात युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों ने नदी के बीचों-बीच एक युवक का शव फंसा देखा और इसकी सूचना बराकर पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पता चला कि नदी का वह हिस्सा झारखंड की सीमा में आता है। इसके बाद मामले की जानकारी तत्काल मैथन ओपी पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर मैथन ओपी के प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 30 वर्ष है। उसने आसमानी रंग की टी-शर्ट और बरमूडा पहन रखा था। शव के पास से ऐसा कोई पहचान पत्र या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आसपास के थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट से मिलान किया जा रहा है और मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

0 टिप्पणियाँ