रानीगंज: व्यापारियों के हितों की रक्षा के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की अपनी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की महिला शाखा ने लगातार चौथे वर्ष दो दिवसीय 'द ट्रेड शो' का आयोजन किया.चैंबर ऑफ कॉमर्स परिसर में आयोजित इस मेले में रानीगंज, आसनसोल, दुर्गापुर, धनबाद, कोलकाता तथा आसपास के क्षेत्रों की महिला उद्यमियों ने 28 आकर्षक स्टॉल लगाए, जिनमें ज्वेलरी, होम डेकोर, फूड आइटम्स, परिधान, कोरियन डिज़ाइन के हल्के धातु के आभूषण, घरेलू उपयोग की वस्तुएं तथा ज्योतिषीय मान्यताओं से जुड़े उत्पाद प्रदर्शित किए गए. इन सभी उत्पादों को महिलाओं ने स्वयं तैयार किया है.
महिला शाखा की चेयरपर्सन वाणी खेतान एवं को-चेयरपर्सन पूजा केशरी ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से इस ट्रेड शो का आयोजन महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से किया जा रहा है. इससे स्थानीय महिला उद्यमियों को अपने उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने का मंच मिलता है और वे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं. उन्होंने कहा कि लोगों से हर वर्ष मिल रहे उत्साहजनक सहयोग को देखते हुए भविष्य में इस आयोजन को और बड़े स्तर पर तथा सर्दियों में किसी खुले मैदान में आयोजित करने की योजना है, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसमें भाग ले सकें.
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कुल्टी के विधायक डॉ. अजय पोद्दार की पत्नी सरोज पोद्दार उपस्थित रहीं. इसके अलावा प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय की शम्पा दीदी, मुख्य प्रायोजक श्याम सुंदर चांदी वाले के मालिक सुंदर भालोटिया एवं उनकी पत्नी शिल्पा भालोटिया, समाजसेवी प्रेम गोयल, रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के सलाहकार राजेंद्र प्रसाद खेतान, अशोक सराफ, अध्यक्ष जुगल प्रसाद गुप्ता तथा महिला शाखा के सलाहकार अरुण भरतिया भी मौजूद रहे.
अरुण भरतिया ने बताया कि इस वर्ष पहली बार कोलकाता की महिला उद्यमी ने भी अपने उत्पादों का स्टॉल लगाया है। उन्होंने कहा कि दो दिवसीय आयोजन में खरीदारी के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी विशेष आकर्षण रखा गया है. पहले दिन बच्चों की फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें लगभग 30 बच्चों ने भाग लिया. वहीं दूसरे दिन महिला शाखा की सदस्याओं की सास के सम्मान में "एक शाम सासु मां के नाम" कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.
आयोजकों के अनुसार यह ट्रेड शो अब केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि महिला उद्यमिता और आत्मनिर्भरता का सशक्त मंच बन चुका है, जो हर वर्ष नए अवसरों और नई प्रेरणाओं के साथ रानीगंज की महिलाओं को आगे बढ़ने का रास्ता दिखा रहा है.

0 टिप्पणियाँ