रानीगंज: प्रचंड गर्मी से लोगों को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को रानीगंज के पंजाबी मोड़ इलाके में गायत्री परिवार चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से ठंडा शरबत सेवा शिविर का आयोजन किया गया. स्वर्गीय सुंदरमल पातेसरिया की स्मृति में आयोजित इस सेवा शिविर में हजारों राहगीरों को ठंडा शरबत, सत्तू का शरबत और झालमुड़ी वितरित की गई.
पंजाबी मोड़ ब्रिज के नीचे आयोजित इस कार्यक्रम में आने-जाने वाले लोगों को गर्मी से राहत दिलाने का प्रयास किया गया. शिविर में संस्था की महिला सदस्यों ने भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए लोगों को शरबत और खाद्य सामग्री झालमूढ़ी खिलाये.
इस मौके पर पंजाबी मोड़ फाड़ी प्रभारी, समाजसेवी सुरेश जायसवाल, भाजपा नेता रवि केशरी, अधिवक्ता मदन गुप्ता तथा शिक्षक हरिशंकर तिवारी विशेष रूप से उपस्थित थे.
उज्जवल पातेसरिया ने बताया कि उनके पिता स्वर्गीय सुंदरमल पातेसरिया हमेशा समाज सेवा के लिए प्रेरित करते थे उसी प्रेरणा से इस भीषण गर्मी में जरूरतमंद लोगों के लिए यह सेवा शिविर लगाया गया.
कार्यक्रम में संस्था के सचिव गया प्रसाद पांडेय, दयाशंकर रॉय, श्रवण तोदी, योगेश सिंह समेत कई सदस्य मौजूद रहे. संस्था की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य जारी रहेंगे.




0 टिप्पणियाँ