सियारसोल राजबाड़ी मोड़ पर उत्तेजना; गंभीर हालत में व्यक्ति अस्पताल में भर्ती, राष्ट्रीय राजमार्ग-14 पर लगा लंबा जाम
रानीगंज-रानीगंज के सियारसोल राजबाड़ी मोड़ पर मंगलवार शाम एक रूह कंपा देने वाला हादसा हुआ. एक तेज रफ्तार मारुति वैगनआर कार ने एक साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद उसे लगभग 100 मीटर तक सड़क पर घसीटा. इस अमानवीय घटना को देख स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. उग्र भीड़ ने कार चालक को घेर लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी. बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर चालक को भीड़ से बचाया और स्थिति को नियंत्रित किया.
क्या है पूरा मामला?
घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 बजे की है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक वैगनआर कार रानीगंज बाजार से पंजाबी मोड़ की ओर बेहद तेज गति से जा रही थी. सियारसोल राजबाड़ी मोड़ के पास अचानक एक अज्ञात व्यक्ति (लगभग 50 वर्ष) अपनी साइकिल से सड़क पार कर रहा था, तभी कार ने उसे जोरदार टक्कर मारी.
टक्कर के बाद चालक ने ब्रेक मारने के बजाय भागने की कोशिश की, जिससे साइकिल सवार कार के नीचे फंस गया और करीब 100 मीटर तक घिसटता चला गया. यह देख आसपास के लोग चिल्लाने लगे और दौड़कर कार को रुकवाया.
गुस्साई भीड़ ने सिखाया सबक
कार के रुकते ही स्थानीय निवासियों और राहगीरों ने चालक को बाहर निकाला और उसकी पिटाई शुरू कर दी. इस बीच, कुछ लोगों ने पुलिस की मदद से कार के नीचे फंसे गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को बाहर निकाला और उसे तुरंत रानीगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उसकी हालत नाजुक बनी हुई है.
राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगा भीषण जाम
इस दुर्घटना और उसके बाद हुए हंगामे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-14 पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. लगभग एक घंटे तक यातायात पूरी तरह बाधित रहा. बाद में रानीगंज पुलिस की तत्परता से जाम हटवाया गया और यातायात सामान्य हुआ.
अतिक्रमण और जाम से बढ़ रहे हादसे
स्थानीय निवासियों ने इस घटना के लिए प्रशासन और बढ़ते अतिक्रमण को जिम्मेदार ठहराया है.निवासियों का कहना है कि सियारसोल राजबाड़ी मोड़ समेत कई इलाकों में फुटपाथों पर अवैध कब्जा हो चुका है.पैदल चलने वालों को मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है.भारी वाहनों और बेतरतीब ट्रैफिक के कारण शाम के समय स्थिति और भयावह हो जाती है.
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सियारसोल राजबाड़ी मोड़ को तत्काल अतिक्रमण मुक्त कराया जाए और यातायात व्यवस्था को सुधारा जाए ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके.



0 टिप्पणियाँ