आरोपी चालक हिरासत में, वाहन में तोड़फोड़; भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी पहुंचे घटनास्थल
आसनसोल:(पीबी टीवी): आसनसोल दक्षिण थाना क्षेत्र के कुमारपुर में शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो ऑनलाइन डिलीवरी बॉय की मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने टक्कर मारने वाले वाहन में तोड़फोड़ कर जीटी रोड पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, आरोपी चालक को हिरासत में लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक पिकअप वैन आसनसोल से कुल्टी की ओर जा रही थी। कुमारपुर के पास उसने मोटरसाइकिल पर सवार दो ऑनलाइन डिलीवरी कर्मियों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पिकअप वैन चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था। हालांकि, पुलिस की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। चालक को हिरासत में लेकर चिकित्सकीय परीक्षण सहित अन्य कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हादसे से गुस्साए लोगों ने पिकअप वैन में तोड़फोड़ की और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर जीटी रोड पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया। जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और जाम हटवाकर यातायात सामान्य कराया।
घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल उत्तर के भाजपा विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान तथा अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।

0 टिप्पणियाँ