रानीगंज के एनएसबी रोड स्थित वृंदावन धाम इलाके में वारदात, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
रानीगंज : रानीगंज के एनएसबी रोड स्थित वृंदावन धाम समिति अंतर्गत मंगलम अपार्टमेंट में रहने वाले एक निजी बैंक के क्लस्टर हेड गुलशन कुमार अरोड़ा रविवार को दिनदहाड़े छिनतई का शिकार हो गए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार दोपहर करीब 1:40 बजे गुलशन कुमार अरोड़ा बाजार से फल खरीदकर अपने घर लौटे थे.फल घर में रखने के बाद वह स्कूटी से सैलून जाने के लिए निकले. जैसे ही वह अपने निवास स्थान के निकट वृंदावन धाम गली के मुहाने पर पहुंचे, तभी पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक वहां पहुंचे.
बताया जाता है कि बाइक चला रहा एक युवक हेलमेट पहने आगे बैठा था, जबकि पीछे बैठा युवक अपने चेहरे पर कपड़ा बांधे हुए था. आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर गुलशन कुमार अरोड़ा के गले से सोने की चेन छीन ली. घटना के बाद अरोड़ा ने बदमाशों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह जमीन पर गिर पड़े.तेज रफ्तार बाइक पर सवार दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए.
गुलशन कुमार अरोड़ा ने बताया कि पूरी घटना इतनी अचानक हुई कि उन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला.पहले कुछ समय तक वह स्तब्ध रहे, लेकिन बाद में खुद को संभालकर उन्होंने पुलिस को घटना की सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी विमान कुमार मिर्धा, रानीगंज थाना प्रभारी समेत पुलिस के कई अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की.पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा बदमाशों की पहचान करने का प्रयास कर रही है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इसी प्रकार की वारदात को अंजाम देने वाले संदिग्ध छिनतईबाजों ने एक दिन पूर्व बांकुड़ा और सिउड़ी में भी ऐसी घटनाओं को अंजाम दिया था. इस पहलू को भी जांच में शामिल किया गया है
वहीं, आवासीय क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में भय का माहौल है. लोगों का कहना है कि यदि रिहायशी इलाकों में इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है. पुलिस ने जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है.



0 टिप्पणियाँ