300 मीटर निर्माण प्रतिबंध हटाने की मांग तेज, रानीगंज-जमुड़िया को अलग नगर निगम बनाने पर भी विचार
रानीगंज- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में पश्चिम वर्धमान जिले की सभी नौ सीटों पर भाजपा की जीत के बाद शनिवार शाम रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स की ओर से भाजपा विधायकों के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में रानीगंज के विधायक पार्थ घोष, पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी तथा जमुड़िया के विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी को चेंबर की ओर से सम्मानित किया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर की गई.इसके बाद चैंबर के पदाधिकारियों ने तीनों विधायकों को शॉल एवं बुके देकर सम्मानित किया। समारोह में बड़ी संख्या में व्यवसायी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
इस अवसर पर पांडवेश्वर के विधायक जितेंद्र तिवारी ने रानीगंज क्षेत्र के लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर देते हुए कहा कि भूधसान से प्रभावित स्थल के 300 मीटर दायरे में नए निर्माण पर रोक संबंधी मुद्दा भाजपा विधायकों ने जिला प्रशासन के समक्ष प्रमुखता से उठाया है. उन्होंने कहा कि हाल ही में जिला शासक के साथ हुई बैठक में यह पहला मुद्दा था जिसे सभी भाजपा विधायकों ने जोरदार तरीके से रखा.
जितेंद्र तिवारी ने बताया कि जिला शासक ने जानकारी दी है कि विशेषज्ञ समिति की एक प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर यह निर्णय सामने आया था तथा एक और विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि भाजपा विधायकों ने प्रशासन को स्पष्ट कर दिया है कि 300 मीटर दायरे वाला नियम रद्द होना चाहिए और यदि कोई वैज्ञानिक या तकनीकी प्रावधान आवश्यक हैं तो उन्हें लागू किया जाए, लेकिन आम लोगों को इस तरह परेशान नहीं किया जा सकता. उनके इस बयान का उपस्थित लोगों ने जोरदार तालियों के साथ स्वागत किया.
इसके साथ ही जितेंद्र तिवारी ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि नई सरकार इस बात पर भी विचार कर रही है कि पहले की तरह रानीगंज और जमुड़िया को पुनः अलग नगर निगम का दर्जा कैसे दिया जा सके.हालांकि उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में समय लगेगा, लेकिन सरकार इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है.
समारोह के दौरान रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स के सलाहकार राजेंद्र प्रसाद खेतान, अध्यक्ष जुगल किशोर गुप्ता, चेयरमैन रोहित खेतान, ललित झुनझुनवाला, मनोज केशरी सहित चेंबर के सभी पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे.
कार्यक्रम में चैंबर के सदस्यों ने रानीगंज, पांडवेश्वर और जमुड़िया क्षेत्र की विभिन्न व्यापारिक समस्याओं को भी विधायकों के समक्ष रखा तथा व्यापार को बढ़ावा देने के लिए हस्तक्षेप की मांग करते हुए एक ज्ञापन सौंपा.
अपने संबोधन में तीनों विधायकों ने रानीगंज चैंबर ऑफ कॉमर्स को कार्यक्रम के आयोजन के लिए धन्यवाद देते हुए कहा कि शुभेंदु अधिकारी के नेतृत्व में बनी भाजपा सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आदर्शों पर चलते हुए बंगाल एवं पश्चिम वर्धमान जिले के विकास के लिए प्रतिबद्ध है. उन्होंने समाज के सभी वर्गों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जब समाज का हर वर्ग अपने स्तर पर योगदान देता है, तभी किसी प्रदेश का समग्र विकास संभव हो पाता है.


0 टिप्पणियाँ