रानीगंज - आस्था के महापर्व छठ के पहले अर्घ्य के पावन अवसर पर रानीगंज के एगरा ग्राम पंचायत अंतर्गत बाउलहिड़ गांव के पास रानीसायर।बाइपास रोड की नारकीय स्थिति को लेकर ग्रामीणों और छठ व्रतियों का गुस्सा सड़क पर फूट पड़ा.जर्जर और गड्ढों से भरी सड़क के विरोध में स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी.
ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई महीनों से यह बाइपास रोड पूरी तरह जर्जर हालत में है, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर समस्या पर कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं.इस बारे में कई बार अधिकारियों को गुहार लगाई जा चुकी है, पर हर बार आश्वासन के सिवाय कुछ हाथ नहीं लगा. आज जब छठ महापर्व का पहला अर्घ्य है और इसी रास्ते से हजारों की संख्या में व्रतधारी व श्रद्धालु सिर पर दउरा उठाए घाट की ओर जा रहे हैं, तब इस बदहाल रास्ते पर चलना उनके लिए किसी अग्निपरीक्षा से कम नहीं है.
सड़क पर बने बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढों और उड़ती धूल के कारण हर पल भीषण दुर्घटना की आशंका बनी हुई है. पर्व के पवित्र दिन भी प्रशासन की इस घोर उदासीनता ने लोगों के सब्र का बांध तोड़ दिया. प्रदर्शनकारियों की दो टूक मांग है कि प्रशासन तुरंत हरकत में आए और युद्धस्तर पर सड़क की मरम्मत या जलजमाव-कीचड़ की समस्या का समाधान करे, ताकि आस्था के इस महापर्व में शामिल होने वाले व्रतियों और आम राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर न करना पड़े.




0 टिप्पणियाँ