आसनसोल : पश्चिम बंगाल में अवैध पत्थर खदानों के संचालन और विधानसभा चुनाव के बाद हुई हिंसा (post-poll violence) सहित कई गंभीर आरोपों में घिरे तृणमूल कांग्रेस नेता बिजोय उर्फ भोला सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भोला सिंह आसनसोल के बाराबनी विधानसभा क्षेत्र के सालानपुर ब्लॉक टीएमसी के उपाध्यक्ष (वाइस प्रेसिडेंट) हैं। चुनावी नतीजे घोषित होने के बाद से ही भोला सिंह लगातार फरार चल रहा था। आखिरकार बीती रात सालानपुर थाने की पुलिस ने उसे धर दबोचा और आज (शुक्रवार) उसे आसनसोल कोर्ट में पेश किया गया।इस दौरान आसनसोल कोर्ट परिसर में भारी हंगामा देखने को मिला। जैसे ही पुलिस भोला सिंह को लेकर कोर्ट पहुंची, वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों और आम लोगों ने उसे देखते ही 'चोर-चोर' के नारे लगाने शुरू कर दिए। इतना ही नहीं, आक्रोशित भीड़ ने उस पर अंडे फेंकने शुरू कर दिए, जिसे स्थानीय राजनीति में 'डिम थेरेपी' (अंडा थेरेपी) कहा जाता है।मामले की संवेदनशीलता और सुरक्षा को देखते हुए पुलिस बेहद सतर्क थी। सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद भोला सिंह को सालानपुर थाने में न रखकर गुप्त रूप से कुल्टी थाने में रखा गया था, ताकि किसी भी तरह के कानून-व्यवस्था के संकट से बचा जा सके। इसके अलावा, कोर्ट लाते समय सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने उसके चेहरे और सिर को हेलमेट से ढक रखा था। पुलिस ने कोर्ट से आरोपी की हिरासत मांगी है ताकि अवैध खदानों के रैकेट और हिंसा में उसकी संलिप्तता की गहन जांच की जा सके।

0 टिप्पणियाँ