जामुड़िया- अखिल भारतीय क्षत्रिय समाज (पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट) द्वारा रविवार को निघा स्थित गुंजन पार्क में वार्षिक मिलन समारोह एवं वनभोज का भव्य आयोजन किया गया. इस अवसर पर समाज के गौरव और एकता की झलक देखने को मिली, जहाँ आए हुए सभी अतिथियों का पारंपरिक तरीके से पगड़ी पहनाकर भव्य स्वागत और सम्मान किया गया.
कार्यकाल समाप्त होने से पहले होगा मूर्ति अनावरण
समारोह को संबोधित करते हुए जामुड़िया के विधायक हरेराम सिंह ने समाज के लिए एक बड़ी घोषणा की.उन्होंने कहा, वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की मूर्ति स्थापित करने का प्रयास लंबे समय से चल रहा था.आसनसोल नगर निगम के सहयोग से अब यह सपना साकार होने जा रहा है. मुझे पूरा विश्वास है कि मेरे वर्तमान विधायक कार्यकाल के समाप्त होने से पहले ही महाराणा प्रताप की भव्य प्रतिमा का अनावरण कर दिया जाएगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि इस ऐतिहासिक अवसर पर बंगाल और झारखंड से लगभग एक लाख क्षत्रिय समाज के लोग जुटेंगे, जो आसनसोल की धरती पर एक नया इतिहास रचेंगे.
ममता बनर्जी के नेतृत्व में नहीं होता कोई भेदभाव
अपने राजनीतिक सफर और संघर्ष को याद करते हुए हरे राम सिंह ने कहा, सालों पहले मैं बलिया से नौकरी की तलाश में बंगाल आया था. यहाँ कोलियरी में नौकरी की और यहीं से सेवानिवृत्त हुआ. राजनीति में आने के बाद मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की नजर मुझ पर पड़ी और उनके आशीर्वाद व जनता के सहयोग से आज मैं विधायक के रूप में आपकी सेवा कर रहा हूँ. यह इस बात का प्रमाण है कि दीदी के नेतृत्व में बंगाल में किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जाता है।" उन्होंने 2021 के चुनावों का जिक्र करते हुए कहा कि जामुड़िया में 44 साल के वामपंथी शासन को खत्म कर जनता ने पहले ही इतिहास रच दिया है.
दिग्गज नेताओं की रही गरिमामयी उपस्थिति
इस मिलन समारोह में राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं. मुख्य रूप से बीरभूम के नलहटी विधायक राजु सिंह, योगेश सिंह, राजेश सिंह, रनबिजय सिंह, प्रेमपाल सिंह, सनी सिंह, संजय सिंह, मनोज सिंह, सुनील सिंह, संतोष सिंह, शैलेंद्र सिंह और प्रकाश सिंह उपस्थित रहे. इसके अलावा आसनसोल और आसपास के क्षेत्रों से भारी संख्या में क्षत्रिय समाज के सदस्य इस वनभोज में शामिल हुए और आपसी भाईचारे का संदेश दिया.


0 टिप्पणियाँ