जामुड़िया: राष्ट्रीय राजमार्ग 19 पर नींघा मोड़ से लेकर श्रीपुर मोड़ तक का सफर इन दिनों जानलेवा बन गया है. हाइड्रेन जाम होने के कारण नाले का पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे हाईवे के बीचों-बीच गहरे गड्ढे हो गए हैं. इन गड्ढों के कारण आए दिन दर्जनों सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग मूकदर्शक बने हुए हैं.
ईसीएल और एनएचएआई के बीच 'क्रेडिट वॉर' का खामियाजा जनता को
समस्या की मुख्य जड़ नींघा कोलियरी द्वारा प्रतिदिन छोड़ा जाने वाला पानी है. निकासी की व्यवस्था न होने से पानी सीधे हाईवे पर जमा हो रहा है. ताज्जुब की बात यह है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और ईसीएल के अधिकारी एक-दूसरे पर जिम्मेदारी थोप रहे हैं. ईसीएल का कहना है कि यह नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया का काम है, जबकि नेशनल हाईवे अथॉरिटी इसे कोलियरी की जिम्मेदारी बता रहा है. अधिकारियों की इस तनातनी में आम राहगीर अपनी जान गंवाने को मजबूर हैं.
हादसे में युवक को हुआ ब्रेन हेमरेज
बीती रात इस बदहाली ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं. धीरण बाउरी नामक युवक अपनी साइकिल से काम पर जा रहा था, तभी एक मोटरसाइकिल सवार गड्ढे के कारण अनियंत्रित होकर उससे टकरा गया. इस भीषण टक्कर में धीरण गंभीर रूप से घायल हो गया. श्रीपुर फाड़ी की पुलिस ने उसे आसनसोल जिला अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने ब्रेन हेमरेज की पुष्टि की.हालत नाजुक होने के कारण उसे बांकुड़ा और फिर कोलकाता के पीजी अस्पताल रेफर किया गया है, जहाँ वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है.
मौके पर मौजूद तृणमूल कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष साधन राय ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि यह समस्या वर्षों पुरानी है. उन्होंने बताया, हमने नींघा मोड़ से श्रीपुर मोड़ तक नाली बनवाई थी, लेकिन नेशनल हाईवे के अधिकारी इसकी सफाई नहीं करवाते. कुछ महीने पहले मैंने खुद जेसीबी लगवाकर सफाई करवाई थी, लेकिन ईसीएल के पानी के कारण फिर वही स्थिति हो गई है. साधन राय ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी कि यदि अगले दो दिनों के भीतर सड़क की मरम्मत और जल निकासी का समाधान नहीं हुआ, तो वे नेशनल हाईवे और इसीएल के अधिकारियों के खिलाफ थाने में प्राथमिकी दर्ज कराएंगे.
हादसों की बढ़ती संख्या को देखते हुए जामुड़िया ट्रैफिक के प्रभारी भी मौके पर मौजूद रहे और स्थिति का जायजा लिया. स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो यह हाईवे किसी बड़ी अनहोनी का गवाह बन सकता है.



0 टिप्पणियाँ