रानीगंज: मानवता की सेवा और नेत्रहीनता उन्मूलन के संकल्प के साथ लायंस क्लब ऑफ रानीगंज द्वारा आयोजित 67वें नि:शुल्क नेत्र शल्य चिकित्सा शिविर का आधिकारिक उद्घाटन समारोह मंगलवार शाम लायंस कम्युनिटी सेंटर में भव्यता के साथ संपन्न हुआ. पिछले 67 वर्षों से निरंतर चली आ रही इस सेवा यात्रा ने इस वर्ष भी एक नया कीर्तिमान स्थापित करने की दिशा में कदम बढ़ाए हैं.
अजीत कयाल फाउंडेशन का विशेष सहयोग
इस वर्ष का शिविर 'अजीत कयाल फाउंडेशन' के सौजन्य से आयोजित किया गया है. अजय कयाल ने अपने दिवंगत पिता और भाई की पावन स्मृति में इस पुनीत कार्य के लिए सहयोग प्रदान किया है.क्लब की सचिव वाणी खेतान ने बताया कि इस सत्र में नवंबर माह से ही ऑपरेशन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके तहत अब तक 450 जरूरतमंदों की आंखों का नि:शुल्क ऑपरेशन किया जा चुका है.इस वर्ष क्लब ने कुल 1500 नि:शुल्क ऑपरेशनों का लक्ष्य रखा है
सीमित संसाधनों से शुरू हुआ था यह ऐतिहासिक सफर
मुख्य अतिथि लायन विष्णु बाजोरिया (पीआईडी) ने अपने संबोधन में क्लब के गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए कहा, "यह यात्रा तब शुरू हुई थी जब संसाधन बेहद सीमित थे, लेकिन सेवा का जज्बा अडिग था.आज अस्पताल और शिक्षा के क्षेत्र में क्लब जो कार्य कर रहा है, वह पूरे समाज के लिए प्रेरणा है."
कार्यक्रम का उद्घाटन लायन प्रदीप नय्यर (पीडीजी) ने किया. इस दौरान विशिष्ट अतिथि के रूप में लायन शेख मोहिनुद्दीन (डीजी), लायन एम.पी. अग्रवाल और बांकुड़ा के उपजिला पाल लायन रवि सुरेखा उपस्थित रहे, जिन्होंने क्लब के 'सर्विस फर्स्ट' के संकल्प की सराहना की.
समारोह के दौरान मुख्य दानदाता कयाल परिवार के प्रतिनिधि अजय कयाल को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता और संचालन क्लब अध्यक्ष लायन आलोक बागरिया ने किया. शिविर को सफल बनाने में डॉ. एस.के. बसु और सचिव लायन वाणी खेतान की सक्रिय भूमिका रही.
अंत में, समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को दोहराते हुए और धन्यवाद ज्ञापन के साथ इस गरिमामयी कार्यक्रम का समापन हुआ.


0 टिप्पणियाँ