आसनसोल: प्रतिमा विसर्जन को लेकर विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों के आयोजकों ने अव्यवस्था और बार-बार समय बदले जाने पर नाराजगी जताई है। पूजा आयोजकों का आरोप है कि पहले उन्हें बताया गया था कि दोपहर 2 बजे विसर्जन होगा और उससे पहले प्रतिमाओं का विसर्जन नहीं किया जा सकता। लेकिन अब कहा जा रहा है कि शाम 4 बजे से पहले विसर्जन नहीं होगा।
आयोजकों के अनुसार, रेलवे की ओर से ट्रेन परिचालन बंद होने की बात कही जा रही है, लेकिन ओवरहेड तारों में बिजली की आपूर्ति बंद नहीं की गई है। इसी कारण फिलहाल प्रतिमा विसर्जन की अनुमति नहीं मिलने की बात सामने आ रही है।
पूजा समितियों के सदस्यों का कहना है कि हर साल सुबह से ही प्रतिमा विसर्जन की प्रक्रिया शुरू हो जाती है। ऐसे में इस साल समय को लेकर बार-बार बदलाव और व्यवस्थाओं में देरी क्यों हो रही है, यह बड़ा सवाल है।
आयोजकों ने संबंधित प्रशासन और अधिकारियों की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पूछा कि जब विसर्जन की तैयारियां पहले से की जाती हैं, तो इस तरह की समस्या से बचने के लिए समय रहते उचित कदम क्यों नहीं उठाए गए।
फिलहाल, विसर्जन में देरी को लेकर पूजा आयोजकों में नाराजगी देखी जा रही है। इस मामले में संबंधित प्रशासन और रेलवे का आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।

0 टिप्पणियाँ