रानीगंज- बरसात आते ही कोयला खनन शहर रानीगंज में जर्जर सड़कों की समस्या गंभीर हो गयी है.शहर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल रानीगंज के लाइफ लाइन नेताजी सुभाष मार्ग स्कूल मोड़ से रानीगंज बोरो आफिस मोड़ तक जाने वाली सड़क पर जगह-जगह बने गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं.बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने से सड़क की स्थिति बेहद खतरनाक हो गयी है.
सबसे भयावह स्थिति तो अशोका पेट्रोल पंप,बिजली आफिस के सामने यह सड़क जगह-जगह टूटकर बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है.थोड़ी सी बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है और सड़क तालाब जैसी नजर आती है,पानी भरे रहने के कारण गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता.स्थानीय लोगों के अनुसार, इसी वजह से रोजाना बाइक और साइकिल सवार फिसलकर गिर रहे हैं. ई-रिक्शा और टोटो चालकों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है.
रात के समय समस्या और गंभीर हो जाती है.स्थानीय लोगों का कहना है कि बाइक से गुजरते समय हमेशा यह डर बना रहता है कि अचानक गड्ढे में पहिया पड़ने से वाहन फिसल न जाये और किसी बस या बड़े वाहन की चपेट में न आ जायें. यह मार्ग रानीगंज शहर का प्रमुख संपर्क मार्ग है और प्रतिदिन हजारों लोग, स्कूली छात्र तथा मरीज इस रास्ते से आवागमन करते हैं.
एनएसबी रोड पर भी गड्ढों का जाल
लगातार तीन दिनों की बारिश के बाद साहेबगंज मोड़ से पंजाबी मोड़ तक करीब तीन किलोमीटर रोड की स्थिति खराब हो जाने से लोग अन्य कनेक्टिंग रास्ते से जाना पसंद करते है. गुरुवार दोपहर तो यात्रियों से भरा एक टोटो पानी के नीचे छिपे गड्ढे में फंसकर राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच पलट गया. हादसे में चालक समेत कई यात्री घायल हो गये.
स्थानीय दुकानदारों और लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाली को लेकर कई बार प्रशासन और नगर निगम को शिकायत की गयी, लेकिन अब तक ठोस कदम नहीं उठाया गया. लोगों ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल सड़कों का निरीक्षण कर गड्ढों को भरने के साथ जल निकासी की उचित व्यवस्था करे. लोगों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो बड़ी दुर्घटना हो सकती है.हालांकि यह स्थिति विधानसभा चुनाव के पूर्व से है,पर जिस रोज भाजपा के पक्ष में विधानसभा चुनाव की रिजल्ट आई थी,उसके एक दो दिन के अंदर इस स्थान सहित शिशुबगान मोड़,पंजाबी मोड़ के रास्ते का मरम्मत कर दी गई थी,इस दौरान यहां की जनता बड़ी आशा भरी नजरों से भाजपा सरकार के प्रशंसा के पुल बांध रहे थे,पर वर्तमान में अधिकांश रास्तो की बदतर स्थिति के कारण होने वाले परेशानी को लेकर बेहद परेशान है.इस स्थिति को विधायक पार्थो घोष को अवगत कराने पर उन्होंने शहरवासियों को आश्वस्त किया है कि बारिश समाप्ति के पश्चात दुर्गापूजा के पूर्व,इन बदहाल रास्तो को मरम्मत कर दी जायेगी, अब जनता इन सड़को के मरम्मत के इंतजार में हैं.


0 टिप्पणियाँ