मलबे में दबे मजदूर, एक गंभीर रूप से घायल; विधायक बिजन मुखर्जी पहुंचे घटनास्थल, पुलिस और कॉम्बैट फोर्स तैनात
जामुड़िया- महासप्तमी की शाम जामुड़िया के इकड़ा औद्योगिक क्षेत्र में स्थित श्याम सेल कारखाने में बड़ा हादसा हो गया. कारखाने के तीसरे गेट के पास सार्थकपुर श्मशान घाट के निकट निर्माणाधीन चिमनी की दीवार अचानक ढह गयी.इसकी चपेट में आकर कई मजदूर मलबे में दब गये.शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे में दो मजदूरों की मौत की आशंका है, जबकि एक मजदूर गंभीर रूप से घायल हुआ है.
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे के समय निर्माण कार्य में करीब चार मजदूर लगे हुए थे.अचानक चिमनी की दीवार गिरने से वहां अफरा-तफरी मच गयी. दो मजदूरों को अचेत अवस्था में मलबे से बाहर निकाला गया था. प्राथमिक स्तर पर उनकी मौत की आशंका जतायी गयी. वहीं, एक मजदूर के मलबे में दबे होने की सूचना है. एक अन्य मजदूर को गंभीर हालत में निकालकर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, हालांकि, बचाव अभियान पूरा होने तक मलबे में अन्य लोगों के दबे होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता.
विधायक डॉ बिजन मुखर्जी पहुंचे, पुलिस बल तैनात
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल और बचाव दल मौके पर पहुंचे.जामुड़िया के विधायक डॉ बिजन मुखर्जी भी घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया. उन्होंने घायलों को जल्द से जल्द बेहतर चिकित्सा उपलब्ध कराने पर जोर दिया.
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल और कॉम्बैट फोर्स तैनात की गयी है. पुलिस कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे.पूरे इलाके को घेरकर मलबे में फंसे लोगों को निकालने का अभियान चलाया जा रहा है.
दुर्गापूजा के उत्सवी माहौल के बीच हुए इस हादसे ने औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों की सुरक्षा और निर्माण कार्य के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.

0 टिप्पणियाँ