दुर्गापुर: पूजा की रात सुरक्षा व्यवस्था संभालने के दौरान एक बेकाबू कार की टक्कर से ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक पुलिस अधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। सप्तमी की रात दुर्गापुर के स्टील पार्क मोड़ पर हुई इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घायल पुलिस अधिकारी का नाम रवींद्रनाथ नायक है, जो मुचीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड में एएसएसआई के पद पर कार्यरत हैं। दुर्घटना के बाद उन्हें तुरंत दुर्गापुर महकमा अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सप्तमी की रात स्टील पार्क मोड़ पर यातायात नियंत्रण की जिम्मेदारी एएसआई रवींद्रनाथ नायक संभाल रहे थे। उसी दौरान एक चार पहिया वाहन ने तेज और अनियंत्रित गति से आते हुए उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और मौके से तेजी से फरार हो गया।
प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि स्टील पार्क मोड़ पर इस दुर्घटना को अंजाम देने से पहले उक्त कार ने रास्ते में कुछ अन्य जगहों पर भी टक्कर मारी थी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के मुचीपाड़ा ट्रैफिक गार्ड के प्रभारी अधिकारी और ट्रैफिक के सीआई अस्पताल पहुंचे और घायल पुलिस अधिकारी का हालचाल जाना।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी कार और उसके चालक की तलाश में बड़े पैमाने पर जांच शुरू कर दी है।

0 टिप्पणियाँ