माकपा ने कहा- रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से किया गया हमला, पुलिस में शिकायत की तैयारी
दत्तपुकुर: उत्तर 24 परगना जिले के दत्तपुकुर इलाके में माकपा के पांच पार्टी कार्यालयों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना को लेकर राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। आरोप है कि शुक्रवार की आधी रात के बाद रॉड, हथौड़े और भारी हथियारों से लैस एक दल ने दत्तपुकुर एरिया कमेटी कार्यालय समेत माकपा के पांच पार्टी कार्यालयों में हमला किया। इस दौरान कार्यालयों के अंदर लगी ज्योति बसु समेत कई महापुरुषों और राजनीतिक नेताओं की तस्वीरों में तोड़फोड़ की गयी तथा कार्यालय में आग लगा दी गयी।
माकपा उत्तर 24 परगना जिला सचिवमंडली के सदस्य अहमद अली खान ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसके लिए भाजपा पर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा समर्थित बदमाशों ने रात के अंधेरे में सुनियोजित तरीके से पार्टी कार्यालयों को निशाना बनाया।
अहमद अली खान ने बताया कि बारासात-1 ब्लॉक में अन्नपूर्णा योजना की मांग को लेकर हजारों महिलाएं बीडीओ कार्यालय में ज्ञापन देने पहुंची थीं। उनका आरोप है कि विधानसभा चुनाव से पहले विपक्ष के नेता ने लक्ष्मी भंडार के प्रत्येक लाभार्थी को अन्नपूर्णा योजना में शामिल करने का वादा किया था, लेकिन पिछले पांच महीनों से बड़ी संख्या में लोग इस सुविधा से वंचित हैं। इसी के विरोध में महिलाओं ने स्वस्फूर्त रूप से बीडीओ कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया था। उस दौरान माकपा के स्थानीय एरिया कमेटी सदस्य हबीब अली भी वहां मौजूद थे।
माकपा नेतृत्व का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री की तस्वीर जलाने का झूठा आरोप लगाकर भाजपा ने साजिश के तहत हबीब अली के खिलाफ मामला दर्ज कराया और उन्हें गिरफ्तार करवाया। इसके बाद कथित तौर पर बदले की कार्रवाई के तहत रात में दत्तपुकुर इलाके में माकपा के पांच पार्टी कार्यालयों पर लगातार हमला किया गया।
अहमद अली खान ने आरोप लगाया कि सरकार बेरोजगारों को नौकरी, कम कीमत पर गैस, मुफ्त बिजली और अन्नपूर्णा योजना की आर्थिक सहायता जैसे लोगों से किये गये वादे पूरे करने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने कहा कि जब लोग अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़क पर उतर रहे हैं, तो आंदोलन से भयभीत होकर भाजपा माकपा को निशाना बना रही है।
वामपंथी नेतृत्व ने घटना को लेकर प्रशासन के समक्ष शिकायत करने और प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही चेतावनी दी गयी है कि पुलिस-प्रशासन ने दोषियों के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई नहीं की, तो पूरे जिले में लोगों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन किया जायेगा।

0 टिप्पणियाँ