जामुड़िया : “होनहार वीरवान के होत चिकने पात” की कहावत को चरितार्थ करते हुए परसिया कोलियरी निवासी ईसीएल कर्मी के पुत्र कुणाल कुमार ने नीट-यूजी परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है. लगातार मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर कुणाल ने नीट-यूजी 2026 में ऑल इंडिया रैंक (एआईआर) 18,252 और स्टेट रैंक 508 हासिल किया. इस सफलता के आधार पर उनका चयन कलकत्ता नेशनल मेडिकल कॉलेज, कोलकाता में एमबीबीएस पाठ्यक्रम के लिए हुआ है.
कुणाल वर्ष 2023 से नीट की तैयारी कर रहे थे. वर्ष 2025 से उन्होंने राजस्थान के कोटा में रहकर नियमित रूप से नीट की कोचिंग ली. उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रानीगंज के एसकेएस पब्लिक स्कूल से प्राप्त की और वहीं से कक्षा 10वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की. इसके बाद सेंट्रल पब्लिक स्कूल, कोटा से 10+2 की पढ़ाई पूरी की और 85 प्रतिशत अंक हासिल किये.
कुणाल की सफलता पर उनके पिता एवं ईसीएल कर्मी संतोष गिरी ने कहा कि उनके पिता की इच्छा थी कि परिवार का पोता डॉक्टर बने. इसी उद्देश्य से उन्होंने बेटे की पढ़ाई के लिए लगातार प्रयास किया. बेटे ने भी अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर एमबीबीएस में दाखिला सुनिश्चित कर परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है.
कुणाल ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर मेहनत, अनुशासन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया.उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद जरूरतमंद लोगों की सेवा करना उनकी प्राथमिकता होगी. विशेष रूप से उन क्षेत्रों में चिकित्सा सुविधा पहुंचाने का प्रयास करेंगे, जहां स्वास्थ्य सेवाएं पर्याप्त नहीं हैं.कुणाल की सफलता से परिवार, शिक्षकों और शुभचिंतकों में खुशी का माहौल है. उनकी उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बनी है.


0 टिप्पणियाँ