कोलकाता, 18 अक्टूबर: चोरबागान में हुए दर्दनाक हादसे में गौरांगनगर के नूतन पल्ली की रहने वाली दो छात्राओं की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है। मृत छात्राओं की पहचान 17 वर्षीय वर्णाली हालदार और तानिया विश्वास के रूप में हुई है। दोनों कृष्णपुर आदर्श विद्यालय में 11वीं कक्षा की छात्राएं थीं।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर करीब तीन बजे सात सहेलियां एक साथ घर से दुर्गा पूजा के पंडालों में घूमने के लिए निकली थीं। इसी दौरान चोरबागान इलाके में वे एक दर्दनाक हादसे का शिकार हो गईं। इस दुर्घटना में वर्णाली हालदार और तानिया विश्वास की मौत हो गई।
वहीं, उनके साथ गई इसी इलाके की 11वीं कक्षा की छात्रा श्रेया हालदार सुरक्षित बच गई, लेकिन घटना के बाद से वह गहरे सदमे और भय में है।
दोनों छात्राओं की असमय मौत से परिवारों में मातम पसरा है। वहीं, स्थानीय लोगों में भी इस घटना को लेकर शोक व्याप्त है।



0 टिप्पणियाँ