बल्लभपुर के रामगोपाल सराफ स्कूल में सबुज साथी योजना के तहत साइकिल वितरण, मंत्री ने बच्चों के साथ खाया मिड-डे मील
रानीगंज: आसनसोल दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के बल्लभपुर स्थित रामगोपाल सराफ स्कूल में शनिवार को राज्य सरकार की सबुज साथी योजना के तहत विद्यार्थियों के बीच साइकिल वितरण समारोह आयोजित किया गया. कार्यक्रम में राज्य की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने विद्यार्थियों को साइकिल वितरित की. इस दौरान उन्होंने स्वयं साइकिल चलायी और विद्यार्थियों के साथ बैठकर मिड-डे मील का भोजन भी किया.
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि सबुज साथी योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्कूल आने-जाने में सुविधा देना और स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की संख्या कम करना है. उन्होंने कहा कि साइकिल विद्यार्थियों के जीवन में बदलाव का महत्वपूर्ण साधन बन सकती है.मंत्री ने कहा कि राज्य में वितरित होने वाली साइकिलें पश्चिम बंगाल में ही तैयार करने पर सरकार जोर दे रही है. उन्होंने आसनसोल के सेनरेले साइकिल कारखाने में साइकिल निर्माण शुरू करने की दिशा में प्रयास करने की बात कही.
उन्होंने बल्लभपुर पेपर मिल को भी फिर से चालू कराने के प्रयास की जानकारी दी, कहा कि यदि कोई संस्था या व्यक्ति मिल चलाने के लिए आगे आता है तो सरकार हरसंभव सहयोग करेगी.उन्होंने विद्यार्थियों से स्वच्छता बनाए रखने, बड़ों का सम्मान और छोटों से स्नेह करने की अपील की.
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष देवतनु भट्टाचार्य, पंचायत सदस्य बादशाह चटर्जी, भाजपा नेता काकोली घोष सहित अन्य लोग उपस्थित थे.प्रधान शिक्षक शांतनु राय ने विद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों और बदलते समय के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था विकसित करने की जानकारी दी. विद्यार्थियों ने साइकिल मिलने पर खुशी जतायी.



0 टिप्पणियाँ