हावड़ा के सालकिया से रानीगंज लाई जा रही थी रुई, दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं | आसपास की बिजली आपूर्ति बंद
रानीगंज: रानीगंज के तारबंगला स्थित टिकियापाड़ा इलाके में बुधवार तड़के एक रुई लदी गाड़ी के ट्रांसफॉर्मर से टकराने के बाद उसमें भीषण आग लग गई. घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई. आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया रुई के ढेर के भीतर तक आग फैल जाने के कारण उसे पूरी तरह बुझाने में काफी परेशानी हुई. स्थिति को देखते हुए दमकल की अतिरिक्त गाड़ियों को भी मौके पर बुलाया गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार, गाड़ी में हावड़ा के सालकिया से रुई लादकर रानीगंज लाया जा रहा था. इस रुई का इस्तेमाल तकिया और गद्दे बनाने के साथ-साथ कालीपूजा के दौरान दीपक की बत्ती तैयार करने में किया जाना था. यह रुई रानीगंज के व्यवसायी संजीवन सरवर के पास तारबंगला स्थित उनकी दुकान पर पहुंचाई जा रही थी. इसी दौरान गाड़ी एक ट्रांसफॉर्मर से टकरा गई और उसमें आग लग गई.
घटना रानीगंज थाना जाने वाली सड़क पर घनी आबादी वाले इलाके में एक मस्जिद के पास हुई. रुई जैसी ज्वलनशील सामग्री में आग लगने से आसपास के लोगों में दहशत फैल गई.एहतियात के तौर पर इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कर दी गई.
दमकलकर्मी रुई के ढेर को अलग-अलग हटाकर उसके भीतर लगी आग तक पहुंचने और उसे बुझाने में जुटे रहे.आग की तीव्रता को देखते हुए लगातार प्रयास किए गए, ताकि लपटें आसपास की दुकानों और घरों तक न फैलें.
तड़के घटना होने के कारण उस समय सड़क पर यातायात का दबाव कम था. इससे राहत और बचाव कार्य में कुछ सहूलियत मिली. हालांकि, रुई के भीतर सुलगती आग के कारण आग पर पूरी तरह काबू पाने में दमकलकर्मियों को मशक्कत करनी पड़ी. घटना के बाद इलाके में काफी देर तक तनाव और दहशत का माहौल बना रहा.



0 टिप्पणियाँ