बंगीय हिंदू सेना की शिकायत पर अंडाल पुलिस ने शुरू की जांच
रानीगंज: रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के काजोड़ा इलाके में एक घर में कथित धर्मांतरण की गतिविधियां संचालित होने के आरोप को लेकर रविवार को हड़कंप मच गया. बंगीय हिंदू सेना के सदस्यों ने मामले की शिकायत पुलिस से की. सूचना मिलने के बाद अंडाल थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और दो लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गयी.
बंगीय हिंदू सेना के सदस्यों का आरोप है कि उक्त घर में लंबे समय से हिंदू धर्म से जुड़े महिला और पुरुषों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा था.संगठन के अनुसार, जब उसके सदस्य मौके पर पहुंचे, तब घर में कई महिला और पुरुष मौजूद थे. इसके बाद उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी.
घटना की जानकारी मिलते ही अंडाल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लेने के साथ वहां मौजूद लोगों से पूछताछ की. इसके बाद पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया। घटना के बाद इलाके में हलचल बढ़ गयी.
मौके पर रानीगंज विधानसभा क्षेत्र के बंगीय हिंदू सेना के संयोजक अमित दास, सह-संयोजक सुमित सिंह और पश्चिम बर्धमान के सह-संयोजक केशव दान मौजूद थे.संगठन की ओर से दावा किया गया कि घर में लंबे समय से धर्मांतरण से जुड़ी गतिविधियां चल रही थीं.
हालांकि, धर्मांतरण के आरोपों की अब तक पुलिस या किसी आधिकारिक स्तर से पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. जांच के बाद ही आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.



0 टिप्पणियाँ