लिलुआ के फ्लैट से पुलिस ने कराया मुक्त, कई आग्नेयास्त्र बरामद
हावड़ा। हावड़ा स्टेशन के सब-वे के सामने से एक व्यवसायी का अपहरण कर मोटी रकम फिरौती के रूप में मांगे जाने का मामला सामने आया है। गोलाबाड़ी और लिलुआ थाने की पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए व्यवसायी को सकुशल बरामद कर सात संदिग्ध अपहरणकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कई आग्नेयास्त्र भी बरामद होने की बात पुलिस सूत्रों ने कही है।
जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम तीन बदमाशों ने हावड़ा स्टेशन के बाहर से व्यवसायी का अपहरण कर लिया था। इसके बाद उसे लिलुआ के झीलपाड़ इलाके स्थित एक फ्लैट में ले जाकर रखा गया और परिजनों से मोटी रकम की मांग की गयी। रात से परिजन व्यवसायी के मोबाइल पर लगातार संपर्क करने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन बात नहीं हो सकी। गुरुवार सुबह परिजनों ने गोलाबाड़ी थाने में शिकायत दर्ज करायी।
इसके बाद पुलिस ने स्टेशन और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में तीन आरोपियों को एक बाइक और स्कूटर से आते-जाते देखा गया। मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रैक करते हुए पुलिस लिलुआ के झीलपाड़ रोड स्थित एक फ्लैट तक पहुंची और गुरुवार शाम छापेमारी कर सात लोगों को पकड़ा तथा व्यवसायी को मुक्त कराया।
पुलिस को आशंका है कि आरोपियों की व्यवसायी से पहले से पहचान हो सकती है। पैसे के लालच में अपहरण किये जाने की आशंका समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।

0 टिप्पणियाँ