नदिया: पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में भारत-बांग्लादेश सीमा पर सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने बांग्लादेश में तस्करी से पहले 3 किलो 647 ग्राम चांदी के आभूषण बरामद किये। यह कार्रवाई शुक्रवार शाम भिमपुर थाना क्षेत्र के महाखोला सीमा इलाके में 161वीं बटालियन के जवानों ने की।
सूत्रों के अनुसार, शुक्रवार शाम सीमा पर जवान गश्त कर रहे थे। इसी दौरान जवानों की नजर कुछ संदिग्ध लोगों पर पड़ी, जो सीमा की तारबंदी के भारतीय हिस्से से कुछ सामान बांग्लादेश की ओर फेंकने का प्रयास कर रहे थे। बीएसएफ जवानों ने तत्काल उनका पीछा किया। जवानों को अपनी ओर आते देख तस्कर चांदी के आभूषणों से भरा बैग मौके पर छोड़कर फरार हो गये।
तलाशी के दौरान बैग से बड़ी संख्या में चांदी के आभूषण बरामद हुए। इनमें चांदी की अंगूठियां और चेन शामिल हैं। प्राथमिक जांच में आशंका जतायी जा रही है कि इन आभूषणों को बांग्लादेश में तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। बरामद चांदी के आभूषणों का कुल वजन 3 किलो 647 ग्राम बताया गया है।
बीएसएफ ने बरामद सभी आभूषणों को सरकारी प्रक्रिया के तहत भिमपुर थाने की पुलिस के हवाले कर दिया है। वहीं, घटना के बाद फरार तस्करों की पहचान करने में बीएसएफ और पुलिस जुटी हुई है। सीमा क्षेत्र में तस्करी की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी भी बढ़ा दी गयी है।

0 टिप्पणियाँ