ग्वालियर:मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शनिवार और रविवार की दरमियानी रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। चिनौर रोड स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर के बाहर दर्शन के लिए खड़े श्रद्धालुओं पर एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक काल बनकर टूट पड़ा। इस भीषण दुर्घटना में कम से कम 13 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 29 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में से 7 की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना देर रात करीब 1:30 बजे की है। धान से लदा एक भारी ट्रक ढलान पर उतरते समय अचानक बेकाबू हो गया। ट्रक ने मौके पर लगे पुलिस बैरिकेड्स और चेकपोस्ट को तोड़ दिया और मंदिर के बाहर मौजूद भारी भीड़ को रौंदते हुए सीधे मंदिर की बाहरी दीवार व मुख्य गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर का एक हिस्सा ढह गया और चारों तरफ चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों और मलबे में दबे लोगों को तुरंत बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। सुरक्षा में तैनात दो पुलिसकर्मी भी इस हादसे में घायल हुए हैं। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल 7 लोगों का इलाज विशेष निगरानी में चल रहा है। शुरुआती जांच में हादसे का कारण ट्रक का ब्रेक फेल होना या तकनीकी खराबी बताया जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

0 टिप्पणियाँ