दिलीप घोष का ममता पर हमला, कहा- भ्रष्टाचार के साथ खड़े रहने का समय खत्म
सेवा सेतु अभियान, डेंगू और साइबर हमले समेत विभिन्न मुद्दों पर भी रखी राय
कोलकाता। भाजपा के वरिष्ठ नेता दिलीप घोष ने विभिन्न राजनीतिक और समसामयिक मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। ईडी की सूची में ममता बनर्जी का नाम होने के दावे पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद को ईमानदारी की प्रतिमूर्ति बताकर बाकी सभी को फंसा देती रही हैं। उनके नेता और मंत्री जेल जा रहे हैं, लेकिन उन पर कोई दाग नहीं लगा। यह चालाकी ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगी। पार्टी के नेता-मंत्रियों के खिलाफ मामले सामने आने के साथ अब वास्तविक स्थिति सामने आ रही है।
‘मुस्लिम समाज को तय करना होगा, विकास या भ्रष्टाचार’
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की रेजीनगर सभा में 70-30 के वोट विभाजन की अपील से जुड़े सवाल पर घोष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ का नारा दिया है। सरकार सभी के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों को अन्नपूर्णा योजना का लाभ मिल रहा है तथा अधिकतर लोगों को घर, गैस और शौचालय जैसी सुविधाएं मिली हैं। सरकार भेदभाव नहीं करती। मुस्लिम समाज को भी तय करना होगा कि वह विकास के साथ रहेगा या भ्रष्टाचार और शोषण के साथ।
साइबर हमले पर बोले- सुधार की कोशिश जारी
डाटा सेंटर पर साइबर हमले के सवाल पर उन्होंने कहा कि साइबर हमला हुआ है। पहले से कुछ व्यवधान था और अभी भी समस्या जारी है। इसे ठीक करने की कोशिश की जा रही है।
ऋतव्रत के तृणमूल नेतृत्व वाले इंडी गठबंधन में शामिल होने की अटकलों पर घोष ने कहा कि एनडीए में करीब 20-25 दल हैं और सभी नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम कर रहे हैं। किसी के आने पर अलग व्यवस्था नहीं होगी। सभी के लिए एक ही नियम है।
अधीर के कांग्रेस में लौटने के आह्वान पर तंज
ममता बनर्जी को कांग्रेस में लौटने के अधीर रंजन चौधरी के आह्वान पर दिलीप घोष ने कहा कि अधीर बाबू यही देख रहे हैं कि कब लोग वापस आएंगे और कांग्रेस फिर बचेगी। उन्होंने कहा कि केवल कुछ लोगों के लौटने की उम्मीद से कांग्रेस नहीं बच सकती।
ज्ञानेश कुमार को लेकर ममता बनर्जी की कथित टिप्पणी पर घोष ने कहा कि यदि ज्ञानेश कुमार ने कोई गलत काम किया है, तो उसके लिए कानून है। वहीं, मुंबई में ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्षी दलों के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि अलग-अलग बदनाम हो चुकी पार्टियां अब साथ मिलकर नया फॉर्मूला बनाने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन यह ज्यादा दिनों तक नहीं चलेगा।
‘सेवा सेतु से लोगों को मिलेंगी सरकारी सेवाएं’
सेवा सेतु अभियान पर घोष ने कहा कि जनकल्याण शिविर की तरह ही यह अभियान चल रहा है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत प्रशासनिक स्तर पर लोगों तक विभिन्न सेवाएं पहुंचाने के लिए सेवा सेतु अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान तीन दिनों तक चलेगा। विभिन्न सरकारी सेवाओं से वंचित लोगों और नयी सेवाओं से जुड़ने के इच्छुक लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
डेंगू को लेकर सावधानी बरतने की अपील
पूजा से पहले डेंगू की स्थिति पर उन्होंने कहा कि इसको लेकर विशेष बैठक हुई है। पंचायत विभाग के माध्यम से दवाओं का छिड़काव किया जा रहा है। करीब 57 हजार कर्मी गांवों और बूथ स्तर पर इस काम में लगे हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले वर्षों की तुलना में इस बार मरीजों की संख्या कम हुई है। हालांकि बारिश के बाद जलजमाव से खतरा बना रहता है। प्रशासन की ओर से बैठक, प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान चलाये जा रहे हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि घर और आसपास पानी जमा न होने दें तथा नालियों और गंदे पानी के जमाव को लेकर सतर्क रहें।
यादवपुर में एआई आधारित निगरानी का समर्थन
यादवपुर में एआई आधारित डिजिटल निगरानी व्यवस्था को लेकर घोष ने कहा कि नयी तकनीक का लाभ उठाया जाना चाहिए, ताकि इस तरह की अनचाही घटनाओं को रोका जा सके।

0 टिप्पणियाँ