मालदा: महाराष्ट्र के नाशिक में हुए एक भीषण सड़क हादसे में मृत हरिश्चंद्रपुर के तीन प्रवासी श्रमिकों के परिवारों की मदद के लिए स्थानीय टीएमसी विधायक मतिबुर रहमान आगे आए हैं। उन्होंने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। इसके साथ ही विधायक ने पीड़ित परिवारों को पक्का मकान बनवा कर देने का भी भरोसा जताया है।
दूसरी ओर, जिला प्रशासन के निर्देश पर हरिश्चंद्रपुर थाने के आईसी सुमित कुमार घोष ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। उन्होंने आश्वासन दिया कि महाराष्ट्र से शवों को वापस लाने का पूरा इंतजाम किया जा रहा है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, पिछले शनिवार तड़के सड़क का काम खत्म करके 13 मजदूर एक छोटी गाड़ी से लौट रहे थे। नाशिक के पास एक फ्लाईओवर पर उनकी गाड़ी की टक्कर एक बड़ी गाड़ी से हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मजदूरों से भरी गाड़ी फ्लाईओवर से नीचे गिर गई। इस हादसे में हरिश्चंद्रपुर के आमडोल गांव के खुरशेद अली और गहमाबाद गांव के सजेमान अली व मोहम्मद विशु की मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही विधायक मतिबुर रहमान पीड़ितों के घर पहुंचे, परिजनों को सांत्वना दी और अपनी ओर से आर्थिक मदद सौंपी। वहीं थाने के प्रभारी आईसी सुमित कुमार घोष ने भी परिवारों से मिलकर शवों को घर पहुंचाने की व्यवस्था का आश्वासन दिया।
विधायक मतिबुर रहमान ने कहा, "यह बेहद दुखद घटना है। इन गरीब परिवारों के तीन युवाओं की जान चली गई है। हमने अपनी तरफ से 1-1 लाख रुपये की मदद दी है और उनके लिए पक्के घर बनवाए जाएंगे। साथ ही इलाके में अस्पताल और मखाना फैक्ट्री खोलने के लिए राज्य सरकार से मांग करेंगे।" इस हादसे के बाद से इलाके में शोक का माहौल है।


0 टिप्पणियाँ