जामुड़िया- धार्मिक एवं भाषाई अल्पसंख्यकों के संगठन ‘आवाज’ की पश्चिम बर्दवान जिला कमेटी की ओर से शहर में बुनियादी नागरिक सुविधाओं को दुरुस्त करने की मांग को लेकर आसनसोल नगर निगम की कमिश्नर अदिति चौधरी को सात सूत्री मांग-पत्र सौंपा गया. संगठन के जिला सचिव नुमान असफर खान ने आसनसोल शहर कमेटी के निर्णय के अनुसार ज्ञापन सौंपा.
ज्ञापन के माध्यम से पूजा सीजन शुरू होने से पहले नगर निगम क्षेत्र के सभी इलाकों में ड्रेनों की समुचित सफाई कराने तथा जगह-जगह जमा कचरे का नियमित उठाव सुनिश्चित करने की मांग की गयी इसके साथ ही शहरवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल की नियमित आपूर्ति उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया.
नुमान असफर खान ने कहा कि आसनसोल नगर निगम क्षेत्र में कुल 106 वार्ड हैं. वर्तमान में वार्ड काउंसलरों के नहीं होने के कारण आम लोगों को अपनी समस्याएं और शिकायतें रखने में परेशानी हो रही है. उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के लिए अपनी समस्या लेकर नगर निगम कार्यालय पहुंचना संभव नहीं है.
संगठन की ओर से निगम प्रशासन से पूजा से पहले नागरिक सुविधाओं से जुड़े लंबित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की मांग की गयी. संगठन ने उम्मीद जतायी कि नगर निगम प्रशासन आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करेगा.




0 टिप्पणियाँ