एमडीओ मोड में कोयला उत्पादन करने वाली निजी कंपनी पर जबरन घर खाली कराने का आरोप, 18 सितंबर को होगी त्रिपक्षीय बैठक
जामुड़िया- : कुआर्डी कोलियरी में एमडीओ (माइन डेवलपर एंड ऑपरेटर) मोड में कोयला उत्पादन करने आयी निजी कंपनी पर ग्रामीणों ने जबरन घर खाली कराने का दबाव बनाने का आरोप लगाया है. इसके विरोध में शनिवार को कुआर्डी ग्राम रक्षा कमिटी के बैनर तले हजारों ग्रामीणों की मौजूदगी में कुआर्डी रोटीबाटी के एजेंट राधा गोविंद कर के साथ बैठक की गयी. बैठक में ग्रामीणों के पुनर्वास समेत आठ सूत्री मांगों पर चर्चा हुई.
कार्यक्रम में कुआर्डी कोलियरी के 12 नंबर, 11 नंबर, तीन नंबर, दो नंबर और कुआर्डी बाउरीपाड़ा से बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. बाउरी समाज शिक्षा समिति के प्रदेश अध्यक्ष सुमंतो बाउरी ने कहा कि वर्षों से अपने परिवार के साथ रह रहे ग्रामीणों पर घर खाली करने का दबाव बनाया जा रहा है.कई घरों के बाहर खाली करने संबंधी नोटिस चिपकाये गये हैं और हाईकोर्ट से भी नोटिस भेजे जाने की बात सामने आ रही है. उन्होंने कहा कि माइंस रूल्स के तहत प्रभावित ग्रामीणों को उचित मुआवजा और पुनर्वास का लाभ देना होगा, अन्यथा आंदोलन को और तेज किया जायेगा.
ग्रामीणों की ओर से सुमंतो बाउरी, लक्खीकांत बाउरी, निताई बाउरी, राजेश बाउरी, सीताराम राय, दुर्गा बाउरी, सुशांत स्वाईं और सन्नी पासवान ने शांतिपूर्ण ढंग से एजेंट राधा गोविंद कर को ज्ञापन सौंपा . मौके पर श्रीपुर पुलिस की मौजूदगी रही.
मामला शांत नहीं होने पर सातग्राम-श्रीपुर एरिया के महाप्रबंधक राबिन थनौजा से वार्ता की गयी. तय हुआ कि 18 सितंबर को महाप्रबंधक, एजेंट, ग्राम रक्षा कमिटी, निजी कंपनी के पदाधिकारी और ग्रामीण प्रतिनिधि बैठक कर समस्या का समाधान तलाशेंगे. इसके बाद ही ग्रामीणों का प्रदर्शन समाप्त हुआ.



0 टिप्पणियाँ