इनमोसा की बैठक में पदोन्नति, सुरक्षा, चिकित्सा व प्रशिक्षण को लेकर उठी मांग
रानीगंज : कोल इंडिया में बदलते औद्योगिक परिदृश्य के बीच कर्मचारियों के हित और भविष्य को लेकर ईसीएल के अधिकारियों के संगठन इनमोसा की ओर से रानीगंज के कुनुस्तोड़िया क्षेत्र की बांसड़ा कोलियरी में आमसभा आयोजित की गयी. बैठक में श्रम कानूनों में बदलाव, आउटसोर्सिंग, वाणिज्यिक खनन और एमडीओ मॉडल के बढ़ते प्रभाव पर चर्चा की गयी.
बैठक में इनमोसा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष विजय कुमार सिंह, ईसीएल के अध्यक्ष समीर चक्रवर्ती, उपाध्यक्ष कपिलदेव राम, संगठन सचिव जयंत मित्र सहित बीसीसीएल, सीसीएल और ईसीएल के विभिन्न क्षेत्रों के पदाधिकारी व प्रतिनिधि उपस्थित थे.
विजय कुमार सिंह ने कहा कि कोयला उद्योग में तेजी से बदलाव हो रहा है. माइनिंग सरदार और ओवरमैन की नियुक्तियां संगठित क्षेत्र में हो रही हैं, वहीं खनन कार्यों में निजी कंपनियों की भागीदारी भी बढ़ रही है. ऐसे समय में कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संगठन को एकजुट और मजबूत होना जरूरी है.
बैठक में बताया गया कि करीब 2000 कर्मियों ने डीजीएमएस परीक्षा उत्तीर्ण कर प्रतिबंधित प्रमाणपत्र प्राप्त किया है, लेकिन वर्षों बाद भी उनकी पदोन्नति के लिए स्पष्ट नीति नहीं बनी है.संगठन ने इस मुद्दे को कोल इंडिया चेयरमैन के समक्ष उठाने की बात कही.
इसके अलावा कैडर स्कीम में बदलाव, सुरक्षा समितियों में इनमोसा का प्रतिनिधित्व, सभी कर्मियों को समान एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा तथा नई तकनीक के अनुरूप उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की मांग उठायी गयी. संगठन ने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों के लिए आगे भी आंदोलन जारी रहेगा.

0 टिप्पणियाँ