नंदीग्राम (पूर्व मेदिनीपुर): नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव को लेकर मंगलवार रात रेयापाड़ा स्थित विधायक कार्यालय में भाजपा प्रत्याशी समेत तमलुक संगठनात्मक जिले की कोर कमेटी की बैठक हुई। करीब डेढ़ घंटे तक चली बैठक में संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गयी। बैठक में राज्य के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी समेत भाजपा के अन्य नेता मौजूद रहे।
बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “मैं नंदीग्राम का मतदाता हूं और यहां मतदान करूंगा। मुख्यमंत्री जहां वोट देंगी, वहां जनता भी मुख्यमंत्री के साथ रहेगी। नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी जिस अंतर से जीतेगा, वह कल्पना से परे होगा।”
उन्होंने वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में पहले स्थान पर रहने की बात कही थी। उन्होंने दावा किया कि 2026 में भी नंदीग्राम को लेकर इसी तरह के दावे किये गये हैं। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “क्या हुआ था, यह सभी जानते हैं। अब सिर्फ इंतजार कीजिए और परिणाम देखिए।”
नंदीग्राम विधानसभा सीट पर छह अक्टूबर को उपचुनाव होना है। चुनाव को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से प्रचार और संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी गयी हैं। मंगलवार की बैठक में भी उपचुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति और संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा की गयी।

0 टिप्पणियाँ