बांकुड़ा-दुर्गापुर राज्य मार्ग जाम कर जताया विरोध, बकाया राशि जल्द देने की मांग
बांकुड़ा : अन्नपूर्णा भंडार योजना की राशि पिछले करीब पांच माह से नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए सोमवार को बांकुड़ा-दो नंबर प्रखंड के बिकना इलाके में महिलाओं के एक समूह ने बांकुड़ा-दुर्गापुर राज्य मार्ग जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। सड़क जाम के कारण कुछ समय तक यातायात प्रभावित रहा। महिलाओं के प्रदर्शन को लेकर इलाके में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गयी।
प्रदर्शनकारी महिलाओं का आरोप है कि वे अन्नपूर्णा भंडार योजना के तहत मिलने वाली राशि की हकदार हैं, लेकिन पिछले करीब पांच महीने से उनके बैंक खातों में योजना की राशि जमा नहीं हुई है। इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने के बावजूद समाधान नहीं हुआ। महिलाओं ने आरोप लगाया कि समस्या के समाधान के बजाय उन्हें बार-बार सरकारी कार्यालयों में परेशान होना पड़ रहा है।
महिलाओं का कहना है कि योजना की राशि पर निर्भर रहने के बावजूद लंबे समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें घरेलू खर्च चलाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि बकाया राशि तत्काल उनके बैंक खातों में जमा की जाये।
महिलाओं ने चेतावनी दी कि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगी। सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया।

0 टिप्पणियाँ