दामोदर से अवैध बालू तस्करी पर पुलिस की कार्रवाई
एक साथ आठ बालू लदे टोटो जब्त, बालू कारोबारी की तलाश में जुटी पुलिस
रानीगंज- दामोदर नदी से अवैध रूप से बालू उठाकर तस्करी करने वालों के खिलाफ आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने कार्रवाई तेज कर दी है. सोमवार सुबह अचानक चलाये गये अभियान के दौरान रानीगंज थाना अंतर्गत बल्लभपुर फांड़ी की पुलिस ने दामोदर नदी क्षेत्र से बालू लदे आठ टोटो जब्त किये. हालांकि, इस मामले में अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार की ओर से आवास योजना, सरकारी परियोजनाओं और घर निर्माण के लिए वैध तरीके से उचित मूल्य पर बालू की आपूर्ति सामान्य करने की पहल की गयी है. बालूघाट से बालू उठाकर वैध रूप से आपूर्ति की प्रक्रिया भी शुरू हो चुकी है.ऐसे में इसके बावजूद कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा दामोदर नदी से अवैध रूप से बालू निकालकर टोटो और मोटरसाइकिल के माध्यम से इसकी ढुलाई किये जाने की शिकायत मिल रही थी. इसी सूचना के आधार पर पुलिस ने अभियान चलाया.
बल्लभपुर फांड़ी की पुलिस ने की कार्रवाई
बल्लभपुर फांड़ी के आइसी पार्थ चक्रवर्ती के नेतृत्व में सोमवार सुबह से दामोदर नदी के आसपास लगातार अभियान चलाया गया. इस दौरान रानीगंज बाजार की ओर ले जाये जा रहे बालू लदे टोटो को पुलिस ने मौके पर रोककर जब्त कर लिया.
पुलिस के अनुसार, जब्त किये गये टोटो के मालिकों और अवैध बालू कारोबार से जुड़े लोगों की पहचान की जा रही है. वहीं, प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नदी से अवैध बालू उत्खनन न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है.अवैध बालू उत्खनन और तस्करी के खिलाफ आने वाले दिनों में भी अभियान जारी रहेगा.



0 टिप्पणियाँ