रानीगंज थाना में हुई दुर्गापूजा समन्वय बैठक, डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध समेत अन्य दिशा-निर्देशों की दी जानकारी
रानीगंज : दुर्गापूजा से पहले प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गयी हैं।.इसी क्रम में शनिवार संध्या रानीगंज थाना की ओर से ‘दुर्गापूजा समन्वय बैठक-2026’ का आयोजन किया गया.बैठक में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ पूजा आयोजन को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की तथा राज्य सरकार की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी.
बैठक में डीसी सेंट्रल ध्रुव दास, एसीपी सेंट्रल विमान कुमार मिर्धा, रानीगंज थाना प्रभारी सुबीर कर्मकार, रानीगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली चार पुलिस चौकियों के प्रभारी, विधायक सह मंत्री अग्निमित्रा पाल, अग्निशमन विभाग के अधिकारी समेत जिला प्रशासन एवं पुलिस के अधिकारी उपस्थित थे. इसके अलावा रानीगंज क्षेत्र की विभिन्न दुर्गापूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया.
बैठक के दौरान पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी दी.अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी पूजा समितियों को निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही दुर्गापूजा का आयोजन करना होगा।.पूजा के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, अग्निशमन सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया.
अधिकारियों ने कहा कि दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन की ओर से पूजा समितियों को हरसंभव सहयोग दिया जायेगा साथ ही पूजा समितियों से भी प्रशासन और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर काम करने का आग्रह किया गया, ताकि बंगाल के इस प्रमुख और पारंपरिक त्योहार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जा सके.
पुलिस अधिकारियों ने बैठक में डीजे के इस्तेमाल पर राज्य सरकार की ओर से लगाये गये पूर्ण प्रतिबंध की जानकारी देते हुए पूजा समितियों को इसका सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने कहा कि ध्वनि प्रदूषण और सार्वजनिक व्यवस्था से जुड़े सभी निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा.
बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों को किसी भी प्रकार की समस्या होने पर समय रहते पुलिस एवं प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी गयी. प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता होगी.




0 टिप्पणियाँ