कांग्रेस ने पूछा- क्या देर रात किसी के घर का दरवाजा खटखटाने का यही समय है? विधानसभा में आदेश के बावजूद कार्रवाई का आरोप
कोलकाता : भवानीपुर में बाबा बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र शास्त्री की तस्वीर जलाने के मामले में भवानीपुर थाना पुलिस देर रात कांग्रेस नेता अतनु दास के आवास पर पहुंची। कांग्रेस की ओर से पुलिस की इस कार्रवाई के समय को लेकर सवाल उठाया गया है। पार्टी का कहना है कि देर रात किसी के घर का दरवाजा खटखटाकर पुलिस का पहुंचना कई सवाल खड़े करता है।
कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया कि विधानसभा में दिये गये आदेशों के बावजूद इस तरह की गतिविधियां जारी हैं। पार्टी ने सवाल उठाया कि जब बंगाली समाज और दुर्गापूजा का कथित तौर पर अपमान करने वाले व्यक्ति के खिलाफ प्रशासन की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है, तो अतनु दास के खिलाफ देर रात पुलिस क्यों पहुंची।
बयान में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ दिन पहले नेताजी सुभाष चंद्र बोस का कथित तौर पर अपमान करने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार नहीं किया गया। कांग्रेस ने प्रशासन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि अलग-अलग मामलों में कार्रवाई के अलग-अलग मापदंड क्यों अपनाये जा रहे हैं।
हालांकि, पुलिस की ओर से देर रात अतनु दास के आवास पर पहुंचने और इस मामले में आगे की कार्रवाई को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आयी है। पुलिस की कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज होने की संभावना है।



0 टिप्पणियाँ