अपोलो अस्पताल के चिकित्सक ने नियमित जांच व समय पर उपचार के महत्व पर दिया जोर
रानीगंज : ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (ईसीएल) के सेवानिवृत्त कर्मियों एवं पेंशनभोगियों के लिए रविवार को कोल माइन्स पेंशनर्स एसोसिएशन, ईसीएल, रानीगंज में कैंसर एवं हृदय रोग से बचाव को लेकर जागरूकता सत्र आयोजित किया गया. कार्यक्रम का आयोजन अपोलो मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, कोलकाता की ओर से किया गया.
इस दौरान ईसीएल के सेवानिवृत्त एवं कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों को अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न चिकित्सा सुविधाओं की जानकारी दी गयी. अपोलो अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. संदीप गांगुली ने हृदय रोगों से बचाव, आधुनिक चिकित्सा व्यवस्था और समय पर उपचार के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी.उन्होंने कहा कि जागरूकता के साथ नियमित स्वास्थ्य जांच कराने से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव है और उनके प्रभाव को काफी हद तक कम किया जा सकता है.
कार्यक्रम में ईसीएल के पूर्व कर्मी एवं रानीगंज नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष गौतम घटक ने कहा कि ईसीएल इस क्षेत्र का सबसे बड़ा प्रतिष्ठान है. यहां कार्यरत कर्मियों को विभिन्न परिस्थितियों में लगातार काम करना पड़ता है.ऐसे में उनके स्वास्थ्य और चिकित्सा सुविधाओं को लेकर अपोलो अस्पताल की ओर से इस तरह का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करना सराहनीय पहल है.
कार्यक्रम के माध्यम से उपस्थित सेवानिवृत्त कर्मियों को स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने, नियमित जांच कराने और बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर समय पर चिकित्सकीय परामर्श लेने का संदेश दिया गया.



0 टिप्पणियाँ