जामुड़िया : चिचुड़िया ग्राम पंचायत कार्यालय के कॉन्फ्रेंस रूम में कथित तौर पर शराब पीने का वीडियो वायरल होने के बाद जामुड़िया में राजनीतिक विवाद तेज हो गया है.वायरल वीडियो में करीब 10-12 लोग एक कमरे में बैठे दिख रहे हैं. टेबल पर कुछ बोतलें और ग्लास रखे नजर आ रहे हैं. कमरे में ‘विकसित भारत’ और ‘गारंटी फॉर रोजगार’ से संबंधित सरकारी प्रचार बैनर भी दिखाई दे रहे हैं. हालांकि, वीडियो की सत्यता, रिकॉर्डिंग की तारीख और उसमें दिख रहे लोगों की पहचान की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है.
वीडियो को लेकर तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पंचायत के कामकाज से जुड़े भाजपा समर्थक सरकारी कार्यालय में बैठकर शराब पी रहे थे.टीएमसी ने मामले की जांच की मांग की है.
वहीं भाजपा ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वीडियो में दिख रहे लोगों का पार्टी से कोई संबंध नहीं है. भाजपा का आरोप है कि ये लोग टीएमसी संचालित पंचायत से जुड़े ठेकेदार और सुपरवाइजर हैं.पार्टी ने वीडियो की जांच कर संबंधित लोगों की पहचान और कार्रवाई की मांग की है.
जामुड़िया के भाजपा विधायक डॉ. बिजन मुखर्जी ने कहा कि सरकारी पंचायत कार्यालय जनता के काम के लिए है. ऐसी गतिविधि स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने कहा कि पहले वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान और सच्चाई सामने आनी चाहिए.यदि कोई भाजपा कार्यकर्ता दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने मामले को लेकर बीडीओ से बात करने तथा प्रशासन से जांच की मांग करने की बात कही.


0 टिप्पणियाँ